चमोली: सीएम धामी ने 155 करोड़ की 63 परियोजनाओं की दी सौगात, 36 का शिलान्यास और 27 का लोकार्पण

चमोली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को गोपेश्वर स्थित पुलिस मैदान में आयोजित ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ सेवा पखवाड़े के तहत ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम में जनपद चमोली को ₹155.36 करोड़ की लागत वाली 63 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने ₹113.99 करोड़ की 36 योजनाओं का शिलान्यास और ₹41.37 करोड़ की 27 योजनाओं का लोकार्पण किया।

विकास योजनाओं से बदलेगी चमोली की तस्वीर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सड़क, पुल, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, बाढ़ सुरक्षा, पशुपालन, पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि धार्मिक, सांस्कृतिक और सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण चमोली के समग्र विकास के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।

36 परियोजनाओं का हुआ शिलान्यास

मुख्यमंत्री ने जिन प्रमुख योजनाओं का शिलान्यास किया, उनमें शामिल हैं—

  • जोशीमठ-नीति मार्ग पर जुग्जू स्टील ट्रस पुल (₹4.34 करोड़)

  • लंगसी-द्वींग-तपोवन-लांजी-पोखनी मार्ग पर 78 मीटर स्टील पुल (₹9.62 करोड़)

  • नंदानगर की 13 पर्वतीय नहरों का पुनरोद्धार (₹2.51 करोड़)

  • गोगनापानी-भडूड़ा, गोपेश्वर-पोखरी-बछेर, नौटी-चौण्डली-ल्यूथा, थराली-घाट (डुंग्री) एवं हरनीचक-मुन्दोली मोटर मार्गों का निर्माण एवं सुधार

  • विभिन्न क्षेत्रों में बाढ़ सुरक्षा कार्य

  • मॉडल पशु चिकित्सालय नंदप्रयाग, डायट गौचर अनुरक्षण, राइंका उज्ज्वलपुर भवन, सामुदायिक भवन एवं पार्किंग निर्माण सहित कई अन्य परियोजनाएं।

27 योजनाओं का लोकार्पण

मुख्यमंत्री ने ₹41.37 करोड़ की लागत से पूरी हुई 27 विकास परियोजनाओं का भी लोकार्पण किया। इनमें प्रमुख रूप से—

  • गैरसैंण मुख्य मार्ग पर इंटरलॉकिंग टाइल्स कार्य

  • सेमी-मासों, हापला-गुड़म-नैल-नौली, नंदासैंण-मालई मोटर मार्ग

  • जिला चिकित्सालय चमोली एवं बीपीएचयू पोखरी में डीआईपीएचएल भवन

  • विभिन्न विद्यालयों में पुस्तकालय, विज्ञान प्रयोगशाला और आर्ट एंड क्राफ्ट कक्ष

  • गोपेश्वर स्पोर्ट्स स्टेडियम में दो कोर्ट वाला बैडमिंटन हॉल

  • बैरागना ट्राउट इंडोर हैचरी

  • कल्पेश्वर पाथवे एवं आर्क ब्रिज

  • पाण्डुकेश्वर सहकारी समिति भवन

  • तेफना-कण्डारा, कुलसारी-गैरवारम तथा लोल्टी-मालबज्वाड़-पास्तोली मोटर मार्गों का उन्नयन शामिल है।

जनपद को मिलेगा विकास का नया आधार

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से चमोली में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल, पर्यटन, मत्स्य पालन, सिंचाई तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं को नई मजबूती मिलेगी और क्षेत्र के लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

कार्यक्रम में रहे उपस्थित

इस अवसर पर प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी, विधायक भूपाल राम टम्टा, अनिल नौटियाल, लखपत बुटोला, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, महिला आयोग उपाध्यक्ष चंद्रकला तिवारी, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

रिपोर्ट: प्रदीप चौहान


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें