चमोली: गड्ढामुक्त अभियान के तहत सड़कों को 15 अक्टूबर तक करना है दुरुस्त—25 सितंबर तक 32.32 प्रतिशत कार्य पूरा

गोपेश्वर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर चमोली जिले में संचालित गड्ढामुक्त अभियान के तहत सड़कों को दुरुस्त करने का काम जारी है। जिले की सड़कों को 15 अक्टूबर तक गड्ढामुक्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। हालांकि, लोक निर्माण विभाग को मिले पैचवर्क के लक्ष्य के सापेक्ष 25 सितंबर तक केवल 32.32 प्रतिशत कार्य ही पूरा हो पाया है। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने सभी संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्थाओं को अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।

लोनिवि के 176.05 किमी सड़क पर होना है पैचवर्क

लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत जिले में कुल 176.05 किलोमीटर सड़कों पर पैचवर्क किया जाना है। इसमें 112 किलोमीटर राज्य मार्ग, 40 किलोमीटर प्रमुख जिला मार्ग और 24.05 किलोमीटर अन्य जिला मार्ग शामिल हैं।

निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष 25 सितंबर तक 56.90 किलोमीटर सड़क पर पैचवर्क पूरा किया जा चुका है। विभाग के छह खंडों के अंतर्गत जिले में कुल 467.37 किलोमीटर सड़कें हैं।

विभिन्न एजेंसियों को भी सौंपी गई जिम्मेदारी

गड्ढामुक्त अभियान के तहत लोक निर्माण विभाग के साथ ही विभिन्न सड़क निर्माण एवं अनुरक्षण एजेंसियों को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है।

75 आरसीसी के अंतर्गत 27.07 किलोमीटर सड़क में से 1.33 किलोमीटर पर पैचवर्क का लक्ष्य रखा गया है। इसके सापेक्ष अब तक 0.15 किलोमीटर सड़क पर ही कार्य पूरा हुआ है।

वहीं, 66 आरसीसी के अंतर्गत 82 किलोमीटर सड़क में से 22 किलोमीटर पर पैचवर्क किया जाना है। 123 आरसीसी और ग्रेफ के अंतर्गत 169.62 किलोमीटर सड़क में से 5.05 किलोमीटर पर पैचवर्क का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

एनएच और पीएमजीएसवाई को भी लक्ष्य

राष्ट्रीय राजमार्ग खंड रुद्रप्रयाग को 229.895 किलोमीटर सड़क में से 165 किलोमीटर को गड्ढामुक्त करने की जिम्मेदारी दी गई है।

इसी तरह पीएमजीएसवाई खंड गैरसैंण के अंतर्गत 32.10 किलोमीटर सड़क में से 3.44 किलोमीटर और एनएचआईडीसीएल नंदप्रयाग के अंतर्गत 100 किलोमीटर सड़क में से 29 किलोमीटर को गड्ढामुक्त किया जाना है।

समयसीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश

जिलाधिकारी गौरव कुमार ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अभियान की निर्धारित समयसीमा को ध्यान में रखते हुए सड़क सुधार और पैचवर्क के कार्यों में तेजी लाई जाए। उन्होंने सभी कार्यदायी संस्थाओं को निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए हैं।

अभियान का उद्देश्य सड़कों की स्थिति में सुधार कर आमजन और चारधाम यात्रा सहित अन्य मार्गों पर आवागमन करने वाले यात्रियों को सुगम एवं सुरक्षित यातायात सुविधा उपलब्ध कराना है।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें