भीमताल। महिला सशक्तीकरण, स्थानीय उत्पादों के संरक्षण और महिला स्वरोजगार को प्रोत्साहित करने की दिशा में रविवार को भीमताल में पांडेय ऑर्गेनिक स्टोर का शुभारंभ किया गया। आवास सलाहकार परिषद की उपाध्यक्ष एवं राज्यमंत्री भावना मेहरा ने स्टोर का उद्घाटन किया। उन्होंने स्टोर की संचालिका अंजू पांडेय को इस पहल के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
स्थानीय महिलाओं के उत्पादों को मिलेगा मंच
राज्यमंत्री भावना मेहरा ने कहा कि स्थानीय महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों को एक मंच और बाजार उपलब्ध कराना मातृशक्ति को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि इस ऑर्गेनिक स्टोर के माध्यम से पहाड़ की पारंपरिक कृषि उपज, स्थानीय उत्पादों और हस्तशिल्प को बढ़ावा दिया जा रहा है।
स्टोर में शुद्ध हल्दी, पहाड़ी शहद, लाल चावल, कीवी स्क्वैश, मडुवे का आटा, पहाड़ी अचार, मिलेट उत्पाद, गहत, पहाड़ी राजमा, अलसी, जख्या, रिंगाल की टोकरियां और हस्तनिर्मित मोमबत्तियों सहित अनेक स्थानीय उत्पाद उपलब्ध हैं।
उन्होंने कहा कि ये उत्पाद उत्तराखंड की पारंपरिक पहचान को संरक्षित करने के साथ स्थानीय महिलाओं की मेहनत, हुनर और उद्यमशीलता को भी नई पहचान दे रहे हैं।
‘वोकल फॉर लोकल’ को मिलेगा बढ़ावा
भावना मेहरा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘वोकल फॉर लोकल’ के आह्वान को साकार करने में ऐसी पहल महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध होने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और महिलाओं के लिए स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता के नए अवसर पैदा होंगे। पहाड़ के उत्पादों में गुणवत्ता, परंपरा और स्थानीय संस्कृति की विशिष्ट पहचान समाहित है। जरूरत है कि इन उत्पादों को उचित मंच और प्रोत्साहन मिले।
स्थानीय उत्पाद खरीदने की अपील
राज्यमंत्री ने क्षेत्रवासियों से पांडेय ऑर्गेनिक स्टोर से स्थानीय उत्पाद खरीदने और महिला उद्यमियों के प्रयासों को प्रोत्साहित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देकर महिलाओं की आर्थिक भागीदारी बढ़ाने के साथ क्षेत्र की पारंपरिक पहचान को भी संरक्षित किया जा सकता है।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
इस अवसर पर जिला मंत्री प्रकाश भट्ट, मनोज, व्यापार मंडल अध्यक्ष पंकज जोशी, महिला मोर्चा अध्यक्ष एडवोकेट मीनाक्षी भगत, परवीन पटवाल, राधा कुल्याल, भगवती सुयाल, रचना मेहरा, लता पांडेय, चंपा नयाल, प्रेमा सुयाल और हिमानी फुलारा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
