गोपेश्वर। भारी बारिश और खराब मौसम के बावजूद चमोली पुलिस के जवानों का देशभक्ति का जज्बा कम नहीं हुआ। जनपदभर में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, गौरव और सम्मान के साथ मनाया गया। मुख्य समारोह पुलिस लाइन गोपेश्वर में आयोजित हुआ, जहां पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने राष्ट्रध्वज फहराया।
ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान और देशभक्ति के नारों से पुलिस लाइन परिसर गूंज उठा। एसपी ने सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
ईमानदारी और संवेदनशीलता से ड्यूटी निभाने का आह्वान
अपने संबोधन में एसपी सुरजीत सिंह पंवार ने कहा कि देश की एकता और अखंडता को बनाए रखते हुए प्रत्येक पुलिसकर्मी को अपने दायित्वों का निर्वहन ईमानदारी, सत्यनिष्ठा और संवेदनशीलता के साथ करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पुलिस का कर्तव्य है कि प्रत्येक नागरिक सुरक्षित और निडर वातावरण में अपने सपनों को साकार कर सके।
उत्कृष्ट कार्य के लिए पुलिसकर्मी सम्मानित
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विभिन्न पदक एवं सम्मान प्राप्त करने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी गई। विशिष्ट कार्य के लिए “पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क-सिल्वर” पदक के लिए नामित कांस्टेबल प्रदीप रावत को एसपी चमोली ने पदक प्रदान कर सम्मानित किया।
वहीं, राज्य गठन की 25वीं वर्षगांठ के अवसर पर प्रदान किए जाने वाले विशेष रजत जयंती पदक सभी पुलिस कर्मियों को पहनाकर सम्मानित किया गया।
एसपी ने सम्मानित पुलिस कर्मियों के उत्कृष्ट कार्य, कर्तव्यनिष्ठा और विभाग के प्रति समर्पण की सराहना की। इसके बाद सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों को मिष्ठान वितरित किया गया।
पुलिस कार्यालय समेत सभी थानों और फायर स्टेशनों में फहराया तिरंगा
पुलिस कार्यालय गोपेश्वर में पुलिस उपाधीक्षक चमोली मदन सिंह बिष्ट ने राष्ट्रध्वज फहराया और अधिकारी-कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
जनपद के सभी थाना, चौकी और फायर स्टेशनों में भी सम्मानपूर्वक राष्ट्रध्वज फहराया गया। मूसलाधार बारिश और खराब मौसम के बावजूद पुलिस कर्मियों ने पूरे उत्साह के साथ राष्ट्रीय पर्व मनाया और राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं गौरव को सर्वोपरि रखते हुए अपने कर्तव्यों के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई।
देशभक्ति के जज्बे के आगे बारिश भी बेअसर—तिरंगे को सलाम, वीर शहीदों को नमन।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
