भव्यता और दिखावे से दूर, कर्णप्रयाग के मां उमा देवी मंदिर में दो एसडीएम ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ लिए सात फेरे

कर्णप्रयाग। विवाह को यादगार बनाने के लिए भव्य आयोजन, चमक-दमक और महंगे इंतजाम जरूरी नहीं हैं, बल्कि आस्था, परंपरा और सादगी के साथ भी इस खास पल को खूबसूरत बनाया जा सकता है। इसका उदाहरण उत्तराखंड के दो उपजिलाधिकारियों (एसडीएम) ने पेश किया है। दोनों अधिकारियों ने भव्य समारोह और दिखावे से दूर रहकर कर्णप्रयाग स्थित मां उमा देवी मंदिर में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ सात फेरे लिए और वैवाहिक जीवन की शुरुआत की।

धार्मिक रीति-रिवाजों से संपन्न हुआ विवाह

दो प्रशासनिक अधिकारियों का मंदिर में सादगीपूर्ण तरीके से विवाह करना चर्चा का विषय बना हुआ है। दोनों ने अपने विवाह समारोह में भव्यता के बजाय धार्मिक आस्था और पारंपरिक संस्कारों को प्राथमिकता दी। मंदिर परिसर में वैदिक रीति-रिवाजों के बीच विवाह की रस्में संपन्न हुईं। इसके बाद दोनों जीवनभर एक-दूसरे का साथ निभाने के संकल्प के साथ विवाह बंधन में बंध गए।

देवभूमि की संस्कृति और परंपराओं को दी प्राथमिकता

कर्णप्रयाग स्थित मां उमा देवी मंदिर क्षेत्र का प्रमुख धार्मिक आस्था केंद्र है। ऐसे पवित्र स्थल पर विवाह कर दोनों अधिकारियों ने अपने जीवन के इस विशेष अवसर को देवभूमि की संस्कृति और आध्यात्मिक वातावरण से जोड़ दिया। उनका यह सादगीपूर्ण आयोजन संदेश देता है कि जीवन के महत्वपूर्ण अवसरों को बिना किसी भव्यता और दिखावे के भी आत्मीयता, संस्कार और परंपराओं के साथ यादगार बनाया जा सकता है।

रिपोर्ट: प्रदीप चौहान

? व्हाट्सऐप पर शेयर करें