ऋषिकेश-बदरीनाथ राजमार्ग पर गूलर घाटी के पास बड़ा हादसा, यात्रियों से भरी बस खाई में गिरी

ऋषिकेश। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गूलर घाटी के समीप मंगलवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यात्रियों से भरी एक बस पुल से नीचे खाई में गिर गई। हादसे में अब तक चार लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 20 घायलों को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया जा चुका है। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। मृतकों और घायलों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। घटनास्थल टिहरी जनपद के अंतर्गत आता है और ऋषिकेश से लगभग 10 से 15 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।

हरिद्वार से बदरीनाथ जा रही थी बस

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस संख्या UK09PA9779 हरिद्वार से बदरीनाथ जा रही थी। इसी दौरान मुनिकीरेती थाना क्षेत्रांतर्गत गूलर के पास बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही टिहरी पुलिस, एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

चार शव बरामद, 20 घायलों को अस्पताल भेजा

मुनिकीरेती पुलिस के अनुसार, हादसे में अब तक चार लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि 20 घायलों को रेस्क्यू कर अस्पताल भेजा गया है। घायलों में कई की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। राहत एवं बचाव टीमें लगातार घटनास्थल पर अभियान चला रही हैं। पुलिस और बचाव दल पूरी तत्परता के साथ यात्रियों को सुरक्षित निकालने में जुटे हैं।

हादसे में मृतकों की हुई पहचान

हादसे में अब तक मृत पाए गए चार लोगों की पहचान निम्न रूप में हुई है:

  1. कुंवर सिंह पुत्र बच्चन सिंह, उम्र 80 वर्ष।

  2. मदन सिंह पुत्र मोहन सिंह, उम्र 40 वर्ष।

  3. सूरज सिंह पुत्र भीम सिंह, उम्र 42 वर्ष।

  4. बलवीर सिंह पुत्र बिहार सिंह, उम्र 70 वर्ष।

हार सेंटर रेफर किए गए घायलों के नाम

हादसे में घायल होकर हार सेंटर रेफर किए गए लोगों में अब तक निम्न नाम सामने आए हैं:

  1. उम्मीद सिंह पुत्र चन्द्र सिंह।

  2. राजेंद्र सिंह पुत्र चन्द्र सिंह।

  3. लविश राणा पुत्र दिलीप राणा।

  4. कुमारी वंशिका पुत्री आशीष रावत।

  5. उर्मिला देवी पत्नी भरत सिंह।

  6. पूजा देवी पत्नी आशीष रावत।

अन्य घायलों के नामों की जानकारी अभी सामने आनी बाकी है।

रेस्क्यू अभियान जारी, मृतकों और घायलों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका

प्रशासन और राहत-बचाव टीमें लगातार घटनास्थल पर जुटी हुई हैं। हादसे की गंभीरता को देखते हुए रेस्क्यू अभियान युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है। घायलों की स्थिति और अन्य यात्रियों की जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में विस्तृत जानकारी मिलने पर समाचार अपडेट किया जाएगा।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें