छठ पूजा के पावन अवसर पर CM धामी ने खटीमा के खिलड़िया स्थित छठ घाट पर भगवान सूर्यदेव को अर्पित किया अर्घ्य

खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लोक आस्था, सूर्य उपासना एवं प्रकृति के प्रति कृतज्ञता के प्रतीक महापर्व छठ पूजा के पावन अवसर पर सोमवार को खटीमा के ग्राम 22 पुल, खिलड़िया स्थित छठ घाट पर भगवान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर छठी मैया एवं भगवान सूर्यदेव का आशीर्वाद लिया।

प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना

मुख्यमंत्री ने इस पावन अवसर पर छठी मैया एवं भगवान सूर्यदेव से समस्त प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं मंगलमय जीवन की प्रार्थना की। साथ ही, छठ घाट पर बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं से आत्मीय भेंट की और उन्हें छठ महापर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

लोकसंस्कृति, आस्था और सामाजिक समरसता का प्रतीक है छठ महापर्व

मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ महापर्व हमारी समृद्ध लोकसंस्कृति, अटूट आस्था, पवित्र परंपराओं और सामाजिक समरसता का अनुपम संगम है। यह पावन पर्व हमें प्रकृति के प्रति सम्मान, संयम, सेवा और सामूहिक सद्भाव का संदेश देता है। उन्होंने इस पर्व के सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक महत्व को भी रेखांकित किया।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें