चमोली। जिला पंचायत उपाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह खत्री ने बदरीनाथ विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत कूजासू एवं सरमोला का भ्रमण कर ग्रामीणों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने गांव के बुजुर्गों, महिलाओं, युवाओं और अन्य ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। साथ ही प्रस्तावित विकास कार्यों और मूलभूत सुविधाओं की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की।
पैदल भ्रमण कर जानीं समस्याएं
भ्रमण के दौरान खत्री ने गांवों में पैदल चलकर विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से समस्याओं की वास्तविक स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने आश्वस्त किया कि क्षेत्र की समस्याओं के समाधान और विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि गांवों का वास्तविक विकास तभी संभव है, जब जनप्रतिनिधि स्वयं गांवों तक पहुंचकर लोगों की समस्याओं को समझें और उनके समाधान के लिए धरातल पर काम करें। ग्रामीणों की सहभागिता से ही विकास योजनाओं को प्रभावी बनाया जा सकता है।
16 वर्षों तक सेना में की देश सेवा
पूर्व सैनिक लक्ष्मण सिंह खत्री ने कहा कि उन्होंने भारतीय सेना में 16 वर्षों तक देश की सेवा की है। अब उसी सेवाभाव, समर्पण और ईमानदारी के साथ जनता की सेवा करना उनका संकल्प है। उन्होंने कहा कि राजनीति उनके लिए केवल पद प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति की आवाज बनने का जरिया है।
हर गांव को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का संकल्प
खत्री ने कहा कि उनका प्रयास है कि बदरीनाथ विधानसभा क्षेत्र का प्रत्येक गांव विकास की मुख्यधारा से जुड़े और ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाओं का लाभ मिले। किसी भी जरूरतमंद की समस्या अनसुनी न रहे, इसके लिए लगातार जनसंवाद और क्षेत्रीय भ्रमण जारी रहेगा।
इस अवसर पर उन्होंने कूजासू एवं सरमोला के ग्रामीणों का आभार जताते हुए कहा कि जनता का विश्वास उनकी सबसे बड़ी ताकत है और उसकी अपेक्षाओं पर खरा उतरना उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने दोहराया कि जनसेवा का संकल्प जीवनभर जारी रहेगा।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
