गौचर में पांच दिवसीय दिव्यांग सहायता शिविर का समापन, छह जनपदों के 341 दिव्यांगजनों को मिले निःशुल्क उपकरण

गौचर (चमोली)। किसी को चलने के लिए कृत्रिम पैर का सहारा मिला, तो किसी को सुनने के लिए कान की मशीन। किसी के लिए व्हीलचेयर ने आवागमन आसान बनाया, तो किसी की रोजमर्रा की मुश्किलें सहायक उपकरणों से कम हुईं। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में गौचर में आयोजित पांच दिवसीय दिव्यांग सहायता शिविर अनेक दिव्यांगजनों के जीवन में नई उम्मीद और आत्मनिर्भरता का संदेश लेकर आया।

पीएमश्री राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज गौचर में 31 अक्टूबर से 4 नवंबर तक आयोजित राज्य स्तरीय शिविर का बुधवार को समापन हुआ। जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग ने भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति की जयपुर शाखा के सहयोग से शिविर आयोजित किया। इसमें चमोली सहित छह जनपदों के कुल 341 दिव्यांगजनों को निःशुल्क कृत्रिम अंग एवं विभिन्न सहायक उपकरण वितरित किए गए।

जरूरत के अनुसार 341 दिव्यांगजनों को मिले उपकरण

जिला समाज कल्याण अधिकारी धनंजय लिंगवाल ने बताया कि जिलाधिकारी गौरव कुमार की विशेष पहल पर आयोजित शिविर में दिव्यांगजनों की व्यक्तिगत जरूरतों का आकलन कर उन्हें आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराए गए।

शिविर में 53 दिव्यांगजनों को कृत्रिम पैर, आठ को कृत्रिम हाथ, 111 को कान की मशीन, 41 को व्हीलचेयर और 23 को बैसाखी प्रदान की गई। इसके अलावा जरूरतमंदों को छड़ी, कैलिपर, वॉकर एवं ईसीआर सहित अन्य सहायक उपकरण भी वितरित किए गए।

उन्होंने बताया कि शिविर में चमोली के 271, रुद्रप्रयाग के 24, बागेश्वर के 22, पौड़ी के आठ, टिहरी के दो और अल्मोड़ा के दो दिव्यांगजन लाभान्वित हुए। इस तरह छह जनपदों के दिव्यांगजनों को एक ही स्थान पर उनकी जरूरत के अनुसार सहायता उपलब्ध कराई गई।

दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाना प्राथमिकता : जिलाधिकारी

जिलाधिकारी गौरव कुमार ने कहा कि दिव्यांगजनों को सशक्त, आत्मनिर्भर और सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। प्रत्येक व्यक्ति को गरिमापूर्ण जीवन जीने और अपनी क्षमताओं के अनुरूप आगे बढ़ने के समान अवसर मिलने चाहिए।

उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर दिव्यांगजनों की रोजमर्रा की कठिनाइयों को कम करने के साथ उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। जिलाधिकारी ने शिविर के सफल आयोजन के लिए जयपुर फुट की पूरी टीम का आभार जताया।

सरकारी योजनाओं की भी दी गई जानकारी

शिविर में सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के साथ ही दिव्यांगजनों को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने की पहल भी की गई। इसके लिए महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास, पशुपालन, कृषि, स्वास्थ्य तथा सेवायोजन समेत विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए। विभागीय अधिकारियों ने योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों को उनका लाभ दिलाने के प्रयास किए।

जयपुर फुट की टीम को किया सम्मानित

समापन समारोह में जिलाधिकारी एवं अन्य अतिथियों ने शिविर के सफल संचालन में योगदान देने वाले जयपुर फुट के टीम लीडर अनुज लोधी सहित मोतीलाल, मनोज, गजेन्द्र, मुकेश, मोहम्मद खालिद, रोहित और विशाल को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

इस दौरान गैरसैंण निवासी सोबन सिंह, नंदानगर निवासी माधो सिंह एवं पुष्कर सिंह को कृत्रिम पैर, रुद्रप्रयाग निवासी संजय सिंह को कृत्रिम हाथ, रेखा देवी एवं दीपा देवी को कान की मशीन तथा पुष्कर राम एवं ममता देवी को व्हीलचेयर प्रदान की गई।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल बर्त्वाल, जयपुर फुट के कोऑर्डिनेटर चंद्रशेखर भंसाली, राज्य दिव्यांग सलाहकार बोर्ड के सदस्य बृजमोहन नेगी एवं गणेश मिश्रा, मंच संचालक मनोज तिवारी, प्रधानाचार्य केएस बिष्ट, हेम मिश्रा सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।G

रिपोर्ट: प्रदीप चौहान


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें