74वां गौचर मेला 14 से 20 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा, जिला प्रशासन ने तेज की तैयारियां

गोपेश्वर। जनपद चमोली का ऐतिहासिक एवं प्रसिद्ध 74वां राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेला इस वर्ष 14 से 20 नवंबर 2026 तक गौचर मेला मैदान में आयोजित किया जाएगा। मेले को भव्य, आकर्षक और जनसहभागिता से परिपूर्ण बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

इस वर्ष मेले को स्थानीय उद्यमिता, हस्तशिल्प, लोकसंस्कृति और औद्योगिक विकास को प्रोत्साहित करने के साथ ही सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं समावेशी विकास के सशक्त मंच के रूप में विकसित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

जिलाधिकारी ने समयबद्ध तैयारियां पूरी करने के दिए निर्देश

मेले की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में जिला सभागार गोपेश्वर में बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों एवं समितियों को आपसी समन्वय के साथ सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए।

बैठक में उपजिलाधिकारी कर्णप्रयाग अलकेश नौडियाल ने मेले की तैयारियों और इस वर्ष किए जा रहे नवाचारों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मेले का नया लोगो और शुभंकर तैयार किया गया है। इसके अलावा मेला मैदान का नया लेआउट, आकर्षक मंच, बेहतर लाइट एवं साउंड व्यवस्था, मिनी मेला मार्केट, सेल्फी प्वाइंट और स्मृति चिह्नों की व्यवस्था की जा रही है।

मेले के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए नई वेबसाइट भी तैयार की गई है। इसके साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से विभिन्न कार्यक्रमों का लाइव प्रसारण किया जाएगा।

आगंतुकों की सुविधा और सुरक्षा रहेगी प्राथमिकता

जिलाधिकारी गौरव कुमार ने मेले में आने वाले आगंतुकों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक आगंतुक को सुरक्षित, सुविधाजनक और सुखद अनुभव मिलना चाहिए।

उन्होंने बच्चों के लिए सुरक्षित एवं आकर्षक गतिविधियां विकसित करने, वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराने, वाटर एटीएम स्थापित करने और खाद्य पदार्थों की नियमित सैंपलिंग सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही मेले के दौरान आयोजित गोष्ठियों को स्थानीय विकास, उद्यमिता और जनजागरूकता से जुड़े विषयों पर प्रभावी संवाद का माध्यम बनाने के निर्देश दिए।

बैठक में विभिन्न हितधारकों की ओर से दिए गए सुझावों को भी मेले की कार्ययोजना में शामिल करने के लिए संबंधित अधिकारियों को कहा गया।

यातायात, पार्किंग और सुरक्षा के रहेंगे विशेष इंतजाम

मेले के दौरान यातायात, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए जाएंगे। मुख्य बाजार एवं पार्किंग स्थलों पर यातायात नियंत्रण के साथ अस्थायी मेला पुलिस चौकी स्थापित की जाएगी। पर्याप्त पुलिस और अग्निशमन कर्मियों की तैनाती भी सुनिश्चित की जाएगी। मेले को नशामुक्त बनाए रखने के लिए प्रभावी निगरानी की जाएगी।

इसके अलावा निर्बाध विद्युत एवं पेयजल आपूर्ति, अतिरिक्त वाटर टैंकर, अग्निशमन वाहन, सफाई कर्मियों, कूड़ा वाहनों और मोबाइल शौचालयों की व्यवस्था की जाएगी।

विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए गठित की गई समितियां

मेले के सफल आयोजन के लिए स्वागत, शांति व्यवस्था, सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रचार-प्रसार, उद्योग एवं विकास प्रदर्शनी, खेलकूद, यातायात, पेयजल, विद्युत और महिला सशक्तिकरण सहित विभिन्न समितियों का गठन किया गया है।

उपजिलाधिकारी ने बताया कि मेले से संबंधित विस्तृत जानकारी आधिकारिक वेबसाइट www.gaucharmela.in के साथ ही गौचर मेले के आधिकारिक फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पेज पर उपलब्ध रहेगी।

नए लोगो का किया गया अनावरण

बैठक के अंत में जिलाधिकारी गौरव कुमार सहित अन्य अतिथियों ने 74वें गौचर मेले के नए लोगो का अनावरण किया।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष गौचर संदीप नेगी, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, परियोजना निदेशक आनंद सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और मेले से जुड़े हितधारक उपस्थित रहे।

 रिपोर्ट: प्रदीप चौहान

? व्हाट्सऐप पर शेयर करें