नई दिल्ली। एयर मार्शल इंद्रपाल सिंह वालिया को भारतीय वायु सेना (IAF) का नया उप-प्रमुख (वाइस चीफ ऑफ द एयर स्टाफ) नियुक्त किया गया है। वह रविवार से अपना कार्यभार संभालेंगे। वर्तमान में वह ईस्टर्न एयर कमांड के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ के रूप में सेवाएं दे रहे हैं।
एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित की लेंगे जगह
एयर मार्शल इंद्रपाल सिंह वालिया, एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित की जगह उप-प्रमुख का पद संभालेंगे। एयर मार्शल दीक्षित शनिवार को भारतीय वायु सेना के 29वें प्रमुख का कार्यभार संभालेंगे।
चार दशक का अनुभव, कई अहम पदों पर दी सेवाएं
लगभग चार दशकों के अपने सैन्य करियर में एयर मार्शल वालिया ने कई महत्वपूर्ण कमांड और स्टाफ पदों पर काम किया है। उन्होंने एक फ्रंटलाइन फाइटर स्क्वाड्रन और टैक्टिक्स एंड एयर कॉम्बैट डेवलपमेंट एस्टेब्लिशमेंट (TACDE) की कमान संभाली है। इसके अलावा वह बरेली स्थित एयर फोर्स स्टेशन के एयर ऑफिसर कमांडिंग भी रह चुके हैं।
उन्होंने भारतीय वायु सेना के कई लड़ाकू विमान उड़ाए हैं। इनमें मिग-21, मिग-23, मिग-27, जगुआर और सुखोई-30 एमकेआई के विभिन्न संस्करण शामिल हैं।
NDA से की सैन्य करियर की शुरुआत
एयर मार्शल वालिया नेशनल डिफेंस एकेडमी (NDA) के पूर्व छात्र हैं। उन्हें 11 जून 1988 को भारतीय वायु सेना की फाइटर स्ट्रीम में कमीशन मिला था।
उन्होंने ब्रिटेन में एडवांस्ड कमांड एंड स्टाफ कोर्स और बांग्लादेश में नेशनल डिफेंस कोर्स (NDC) पूरा किया है। अपने करियर के दौरान उन्होंने भारतीय वायु सेना के डायरेक्टोरेट ऑफ एयर स्टाफ इंस्पेक्शन (DASI) का नेतृत्व भी किया।
इसके अतिरिक्त, वह जापान और दक्षिण कोरिया स्थित भारतीय दूतावासों में डिफेंस अताशे के रूप में कार्य कर चुके हैं। वह ईस्टर्न एयर कमांड में सीनियर एयर स्टाफ ऑफिसर की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं।
रक्षा और रणनीतिक अध्ययन में तीन पोस्ट-ग्रेजुएट डिग्रियां
एयर मार्शल वालिया को पढ़ने का विशेष शौक है। उनके पास रक्षा एवं रणनीतिक अध्ययन में तीन पोस्ट-ग्रेजुएट डिग्रियां हैं।
उनकी विशिष्ट सेवाओं के लिए उन्हें वर्ष 2008 में वायु सेना मेडल (VM) और वर्ष 2018 में अति विशिष्ट सेवा मेडल (AVSM) से सम्मानित किया गया था।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
