हल्द्वानी। उत्तराखंड क्रांति दल (UKD) युवा शक्ति की कुमाऊं मंडल की टीम शुक्रवार को गैरसैंण में स्थायी राजधानी की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन में सहभागिता करने के बाद हल्द्वानी लौटी। यहां पहुंचने पर कुमाऊं प्रभारी गौरव जोशी ने युवा कार्यकर्ताओं का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया और उपहार देकर सम्मानित किया।
गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने की मांग
कुमाऊं प्रभारी गौरव जोशी के मुताबिक, युवा कार्यकर्ताओं ने गैरसैंण में स्थायी राजधानी घोषित करने की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान प्रदेश सरकार को गैरसैंण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता याद दिलाने का प्रयास किया गया।
हल्द्वानी पहुंचने पर गौरव जोशी ने सभी युवा कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
‘गैरसैंण हमारे शहीदों का सपना’
इस अवसर पर कुमाऊं प्रभारी गौरव जोशी ने कहा, “गैरसैंण हमारे शहीदों का सपना है और हमारे युवा साथी जिस जज्बे के साथ गैरसैंण गए हैं, वही जज्बा हमें हमारी स्थायी राजधानी दिलाएगा। उक्रांद का एक-एक कार्यकर्ता गैरसैंण के लिए समर्पित है।”
कार्यक्रम में युवा मोर्चा के दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने गैरसैंण को उत्तराखंड की स्थायी राजधानी बनाने तक आंदोलन जारी रखने का संकल्प लिया।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
