हल्द्वानी। उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव का समय नजदीक आने के साथ ही राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। विभिन्न दलों में टिकट के दावेदार अपनी सक्रियता बढ़ा रहे हैं। प्रदेश की चर्चित सीटों में शामिल कालाढूंगी विधानसभा को लेकर भी राजनीतिक हलचल बढ़ती नजर आ रही है। इसी बीच हल्द्वानी के मेयर गजराज सिंह बिष्ट के बयान ने उनकी चुनावी दावेदारी को लेकर चर्चाएं तेज कर दी हैं।
‘11 की टीम में आया तो ओपनिंग करता नजर आऊंगा’
मेयर गजराज सिंह बिष्ट ने क्रिकेट की भाषा में अपनी राजनीतिक मंशा जाहिर करते हुए कहा कि वह हमेशा ओपनिंग बैटिंग करते आए हैं। अगर उन्हें 11 की टीम में जगह मिली, तो वह ओपनिंग करते नजर आएंगे। उनके इस बयान को कालाढूंगी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की दावेदारी के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
गजराज बिष्ट लंबे समय से कालाढूंगी क्षेत्र में राजनीतिक रूप से सक्रिय हैं। इससे पहले भी इस सीट से उनकी दावेदारी की चर्चा रही थी, लेकिन पार्टी नेतृत्व की ओर से उन्हें समझाकर उस समय चुनावी मैदान में उतरने से रोक दिया गया था।
इस बार उनके बयान से संकेत मिल रहे हैं कि वह कालाढूंगी की राजनीतिक पिच पर फ्रंट फुट से खेलने के लिए तैयार हैं। हालांकि, भाजपा की ओर से टिकट किसे मिलेगा, इस पर अंतिम फैसला पार्टी नेतृत्व को ही करना है।
कालाढूंगी सीट पर कई दावेदार
कालाढूंगी विधानसभा सीट पर भाजपा के भीतर कई नेताओं के नाम दावेदारी के रूप में चर्चा में हैं। इनमें वर्तमान विधायक वंशीधर भगत, उनके बेटे विकास भगत, दर्जा राज्य मंत्री सुरेश भट्ट और शशांक रावत समेत अन्य नेता शामिल हैं।
ऐसे में आने वाले समय में इस सीट पर राजनीतिक गतिविधियां और तेज होने की संभावना है। अब देखना होगा कि भाजपा नेतृत्व किस दावेदार पर भरोसा जताता है और किसे चुनावी मैदान में उतरने का मौका मिलता है।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
