करवा चौथ पर गौचर बाजार में बढ़ी रौनक, महिलाओं की उमड़ी भीड़

गौचर, प्रदीप चौहान। करवा चौथ पर्व को लेकर गौचर बाजार में रौनक बढ़ गई है। पर्व की तैयारियों के चलते सुबह से ही बाजार में खरीदारी के लिए महिलाओं की भीड़ उमड़ रही है। कपड़ों की दुकानों से लेकर ज्वैलर्स और ब्यूटी पार्लरों तक चहल-पहल देखने को मिल रही है।

कपड़ों और श्रृंगार सामग्री की दुकानों पर बढ़ी रौनक

करवा चौथ के नजदीक आने के साथ ही महिलाएं अपनी पसंद के कपड़े, आभूषण और श्रृंगार सामग्री की खरीदारी में जुटी हैं। बाजार में त्योहार को लेकर खासा उत्साह दिखाई दे रहा है। खरीदारी के लिए पहुंच रही महिलाओं के कारण दुकानों पर रौनक बढ़ गई है।

त्योहारी सीजन में बाजार की बढ़ती चहल-पहल से स्थानीय व्यापारियों के चेहरे भी खिले हुए हैं। व्यापारियों को उम्मीद है कि करवा चौथ के अवसर पर खरीदारी बढ़ने से कारोबार को अच्छा लाभ मिलेगा। पर्व नजदीक आने के साथ बाजार में ग्राहकों की संख्या और बढ़ने की संभावना है।

बदलते समय के साथ पर्व मनाने की परंपराओं में बदलाव

भारत विविध संस्कृतियों और परंपराओं वाला देश है, जहां विभिन्न समुदायों के लोग एक-दूसरे के त्योहारों में उत्साह के साथ भाग लेते हैं। करवा चौथ को लेकर भी महिलाओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। अब विभिन्न समुदायों की महिलाएं इस पर्व को श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाती हैं।

पंडित मदन मैखुरी ने बताया कि पहाड़ी सभ्यता और परंपरा के अनुसार पहले पहाड़ी महिलाएं शंकर चौथ का व्रत रखती थीं। सनातन धर्म और पहाड़ी संस्कृति में इस व्रत का विशेष स्थान रहा है। उन्होंने बताया कि शंकर चौथ का व्रत महिलाओं की आस्था, पारिवारिक परंपराओं और पहाड़ी संस्कृति का प्रतीक माना जाता था।

उन्होंने कहा कि समय के साथ पर्व मनाने की परंपराओं में बदलाव आया है। अब पहाड़ी महिलाएं भी करवा चौथ को अधिक महत्व देने लगी हैं और पति की लंबी आयु तथा परिवार की सुख-समृद्धि की कामना के लिए श्रद्धाभाव से व्रत रखती हैं।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें