बागेश्वर: मंत्री राम सिंह कैड़ा ने रवाईखाल में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत बहुउद्देशीय शिविर में किया प्रतिभाग—आमजन की सुनीं समस्याएं

बागेश्वर। उत्तराखंड सरकार के शहरी विकास, पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन तथा जलागम प्रबंधन मंत्री राम सिंह कैड़ा ने राजकीय कॉलेज रवाईखाल, बागेश्वर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने आमजन की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके समाधान के निर्देश दिए।

मौके पर पात्र लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ

मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि बहुउद्देशीय शिविर का उद्देश्य विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के साथ पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही लाभान्वित करना है।

शिविर में समाज कल्याण विभाग की ओर से पेंशन पत्र वितरित किए गए, जबकि बाल विकास विभाग ने महालक्ष्मी किट प्रदान की। वहीं, उद्योग विभाग की ओर से मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना सहित अन्य विभागों ने भी अपनी योजनाओं के तहत लाभ प्रदान किया।

शिविर में स्वास्थ्य, राजस्व, समाज कल्याण, कृषि, दुग्ध विकास और स्वरोजगार सहित विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गईं।

दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिकों और किसानों को योजनाओं से जोड़ने पर जोर

शिविर के दौरान दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिक, महिलाएं, किसान, युवा और जरूरतमंद परिवारों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। स्वास्थ्य परीक्षण एवं जनजागरूकता गतिविधियों के माध्यम से भी आमजन की सहभागिता सुनिश्चित की गई।

शिकायतों के निस्तारण के दिए निर्देश

मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि शिविर का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ अंतिम छोर पर खड़े प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त सभी जन शिकायतों का गंभीरता से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जब तक शिकायतों का पंजीकरण और आवश्यक कार्रवाई पूरी न हो जाए, संबंधित अधिकारी शिविर स्थल पर उपस्थित रहें।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने आमजन की समस्याएं एवं शिकायतें भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें