हल्द्वानी: आयुक्त दीपक रावत ने कुमाऊं मंडल की सड़कों को गड्ढामुक्त करने को लेकर की समीक्षा बैठक—15 अक्टूबर तक काम पूरा करने के निर्देश

हल्द्वानी। आयुक्त/सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने शनिवार को कुमाऊं मंडल में सड़कों को गड्ढामुक्त किए जाने को लेकर लोक निर्माण विभाग (लोनिवि), राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच), पीएमजीएसवाई, यूयूएसडीए और नगर निगम समेत संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने मानसून के बाद कुमाऊं क्षेत्र की सड़कों को शत-प्रतिशत गड्ढामुक्त और सुगम बनाने के लिए अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए।

आयुक्त ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा प्रदेश की सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए निर्धारित 15 अक्टूबर की समय सीमा के भीतर सभी कार्य गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूरे किए जाएं। कार्यों में लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि केवल औपचारिकता के लिए गड्ढे न भरे जाएं, बल्कि पैचवर्क और पुनर्निर्माण का कार्य इस तरह किया जाए कि सड़क लंबे समय तक टिकाऊ रहे। पहाड़ी क्षेत्रों में मुख्य मार्गों के साथ-साथ संपर्क एवं ग्रामीण सड़कों को भी दुरुस्त किया जाए।

नैनीताल में 992 किमी सड़कों पर होना है काम

समीक्षा के दौरान अधीक्षण अभियंता लोनिवि ने बताया कि जनपद नैनीताल में मुख्य राजमार्ग एवं मुख्य जिला मार्ग की 36 सड़कें गड्ढायुक्त हैं, जिनकी कुल लंबाई 992 किमी है। इन सड़कों के टेंडर हो चुके हैं। अब तक 303 किमी सड़क को गड्ढामुक्त किया जा चुका है, जबकि शेष सड़कों पर पैचवर्क और हॉटमिक्स का कार्य वर्षाकाल के बाद किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि कुमाऊं मंडल के अन्य जिलों में भी सड़कों को गड्ढामुक्त करने का कार्य प्रस्तावित है। इसके तहत अल्मोड़ा में 67, बागेश्वर में 22, पिथौरागढ़ में 36 और चंपावत में 23 सड़कें गड्ढामुक्त की जानी हैं। मंडल की सभी संबंधित सड़कों के टेंडर हो चुके हैं और जल्द कार्य शुरू किया जाएगा।

पीएमजीएसवाई की 1500 किमी सड़कों पर काम

बैठक में अधीक्षण अभियंता पीएमजीएसवाई ने बताया कि पीएमजीएसवाई के अंतर्गत लगभग 1500 किमी सड़कों को गड्ढामुक्त किया जाना है। इनमें से 58 किमी सड़कों का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि शेष सड़कों पर कार्य गतिमान है।

हल्द्वानी में सीवर-पेयजल कार्यों के बाद तुरंत ठीक हों सड़कें

यूयूएसडीए के कार्यों की समीक्षा के दौरान आयुक्त दीपक रावत ने हल्द्वानी शहर में चल रहे कार्यों पर असंतोष जताया। उन्होंने निर्देश दिए कि सीवर और पेयजल लाइन बिछाने का काम शहर की सड़कों पर एक साथ बड़े हिस्से में करने के बजाय टुकड़ों में किया जाए।

उन्होंने कहा कि जिस हिस्से में लाइन बिछाने का कार्य पूरा हो जाए, उस मार्ग को तत्काल दुरुस्त किया जाए। सड़क को ठीक करने के बाद ही अगले हिस्से में काम शुरू किया जाए, ताकि आम जनता को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

80 किमी आंतरिक मार्ग गड्ढायुक्त

नगर आयुक्त ने बताया कि हल्द्वानी शहर के आंतरिक 80 किमी मार्ग गड्ढायुक्त हैं। इनमें से 8 किमी मार्ग पर पैचवर्क पूरा किया जा चुका है।

उन्होंने बताया कि आवास विकास, राजपुरा और बनभूलपुरा क्षेत्रों में सीवर लाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त सड़कों के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। जल्द ही इन सड़कों पर हॉटमिक्स और पैचवर्क का कार्य शुरू किया जाएगा।

एनएच की 168 किमी सड़कों पर पैचवर्क और हॉटमिक्स

अधीक्षण अभियंता एनएच ने बताया कि 168 किमी सड़कों पर पैचवर्क एवं हॉटमिक्स का कार्य किया जाना है। इनमें से 36 किमी में कार्य पूरा हो चुका है, जबकि शेष 132 किमी सड़कों पर कार्य वर्षाकाल के बाद शुरू किया जाएगा।

बैठक में एनएच, लोनिवि, यूयूएसडीए, नगर निगम, पीएमजीएसवाई समेत संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें