देहरादून, 26 सितंबर। दिल्ली-देहरादून हाईवे पर मौहब्बेवाला क्षेत्र में चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए धर्मपुर विधायक विनोद चमोली एवं जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने शनिवार को स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों से संवाद कर उनके सुझाव और समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों के साथ दुर्घटनाओं के कारणों और उनके स्थायी समाधान को लेकर चर्चा की।
निरीक्षण के दौरान ब्लैक स्पॉट पर होने वाली दुर्घटनाओं में ओवरस्पीड और ओवरलोडिंग प्रमुख कारकों के रूप में सामने आए। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को इन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए तत्काल और ठोस कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
टास्क फोर्स करेगी 24×7 निगरानी
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने दुर्घटना संभावित क्षेत्र में प्रभावी निगरानी और कार्रवाई के लिए अधिकारियों की टास्क फोर्स तैनात करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि टास्क फोर्स की तैनाती आपदा प्रबंधन अधिनियम के प्रावधानों के तहत की जाएगी और जब तक क्षेत्र में दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित नहीं हो जाता, तब तक टास्क फोर्स सक्रिय रूप से कार्य करेगी।
उन्होंने पुलिस और परिवहन विभाग के अधिकारियों को 24×7 नियमित पेट्रोलिंग एवं सघन चेकिंग करने के निर्देश दिए। साथ ही वाहन चालकों को ओवरस्पीडिंग, ओवरलोडिंग और यातायात नियमों के प्रति जागरूक एवं संवेदनशील करने को कहा।
चेक पोस्ट बनाकर भारी वाहनों की होगी जांच
डीएम ने घटना स्थल से पहले चेक पोस्ट स्थापित कर वाहनों की सघन चेकिंग करने के निर्देश दिए। विशेष रूप से भारी और लोडिंग वाहनों की ओवरलोडिंग की जांच सुनिश्चित करने को कहा गया।
उन्होंने चेक पोस्ट के आगे यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने के लिए राउंडअबाउट सहित आवश्यक ट्रैफिक प्रबंधन व्यवस्था विकसित करने तथा बड़े एवं भारी वाहनों को सुरक्षित तरीके से निर्धारित मार्ग से पास कराने की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
ब्लैक स्पॉट का तकनीकी पुनः परीक्षण होगा
जिलाधिकारी ने एनएच एवं एनएचआई के वरिष्ठ अधिकारियों को ब्लैक स्पॉट का तकनीकी रूप से पुनः परीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क की डिजाइन, मोड़, ढलान, विजिबिलिटी और यातायात दबाव सहित अन्य तकनीकी पहलुओं का परीक्षण कर आवश्यक सुधार करने को कहा।
उन्होंने निर्देश दिए कि स्थानीय क्षेत्रवासियों और जनप्रतिनिधियों से प्राप्त सुझावों को भी तकनीकी कार्ययोजना में शामिल किया जाए, ताकि स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
साइनेज, सीसीटीवी और स्पीड मॉनिटरिंग पर जोर
सुरक्षा के दृष्टिगत डीएम ने ब्लैक स्पॉट पर पर्याप्त साइनेज, सीसीटीवी कैमरे, स्पीड ब्रेकर और स्पीड मॉनिटरिंग उपकरण स्थापित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि वाहन चालकों को दुर्घटना संभावित क्षेत्र के संबंध में पहले से सचेत करने के लिए पर्याप्त और स्पष्ट चेतावनी संकेतक लगाए जाएं तथा वाहनों की गति की नियमित निगरानी की जाए। पुलिस एवं परिवहन विभाग को नियमित प्रवर्तन कार्रवाई के साथ वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों के पालन के लिए जागरूक करने के निर्देश भी दिए गए।
तात्कालिक उपायों के साथ स्थायी समाधान पर जोर
विधायक विनोद चमोली ने अधिकारियों को ब्लैक स्पॉट पर त्वरित सुधारात्मक कार्यों के साथ-साथ दीर्घकालिक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि भविष्य में होने वाली दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। उन्होंने स्थानीय लोगों द्वारा दिए गए सुझावों को भी कार्ययोजना में शामिल करने को कहा।
जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। ब्लैक स्पॉट पर दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए तात्कालिक उपायों के साथ स्थायी और तकनीकी समाधान सुनिश्चित किया जाए। संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए प्रभावी परिणाम सुनिश्चित करें।
निरीक्षण के दौरान एनएच, एनएचआई, लोक निर्माण विभाग, पुलिस एवं परिवहन विभाग के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
