भीमताल/धारी: पोखराड़ में झांझर-अक्सौड़ा से मझेड़ा मोटर मार्ग के डामरीकरण और सुधारीकरण कार्य का शुभारंभ

भीमताल/धारी। भीमताल विधानसभा क्षेत्र के धारी ब्लॉक अंतर्गत पोखराड़ में झांझर-अक्सौड़ा से मझेड़ा मोटर मार्ग के डामरीकरण एवं सुधारीकरण कार्य का शुभारंभ किया गया। शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने नैनीताल सांसद अजय भट्ट के साथ प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) फेस-3 के अंतर्गत होने वाले कार्य का विधिवत शुभारंभ किया।

भारत सरकार को भेजे जा रहे प्रस्तावों को स्वीकृति दिलाने का प्रयास: सांसद भट्ट

इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री सड़क योजना के अंतर्गत मंत्री राम सिंह कैड़ा द्वारा भारत सरकार को भेजे जा रहे प्रस्तावों को स्वीकृति दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कुछ प्रस्तावों को स्वीकृति भी मिली है।

लंबे समय से खराब था मोटर मार्ग

मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि यह मोटर मार्ग लंबे समय से खराब स्थिति में था। बरसात के दौरान सड़क पर कीचड़ होने से किसानों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। उन्होंने बताया कि मोटर मार्ग के डामरीकरण एवं सुधारीकरण के लिए पीएमजीएसवाई फेस-4 के अंतर्गत प्रस्ताव भेजा गया था, जिसके बाद इसके लिए लगभग 4 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत कराई गई है। अब कार्य शुरू करा दिया गया है।

आवागमन होगा सुगम और सुरक्षित

मंत्री कैड़ा ने कहा कि मोटर मार्ग पर डामरीकरण एवं सुधारीकरण का कार्य पूरा होने के बाद क्षेत्रीय ग्रामीणों को दैनिक आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है। इससे यात्रा अधिक सुगम और सुरक्षित होगी तथा ग्रामीणों को आवाजाही में होने वाली दिक्कतों से राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि सड़क सुधारीकरण से क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।

इस दौरान मंत्री कैड़ा ने मुख्यमंत्री और सांसद अजय भट्ट का आभार व्यक्त किया।

ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में भाजपा नैनीताल जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, प्रदेश सरकार में दर्जा राज्यमंत्री देवेंद्र ढेला, भावना मेहरा, शांति मेहरा, मंडल अध्यक्ष धारी कृष्ण चंद्र, ब्लॉक प्रमुख धारी भावना आर्या, जिला मंत्री कुंदन सिंह चिलवाल, प्रकाश चंद्र नानू, हीरेश बिष्ट, विवेक डंगवाल और पवन डंगवाल सहित पार्टी पदाधिकारी, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनता मौजूद रही।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें