ऋषिकेश: अष्टादश संस्कृतमहोत्सव के अंतर्गत दो दिवसीय खंडस्तरीय संस्कृत स्पर्धा का शुभारंभ—महापौर शम्भू पासवान ने किया उद्घाटन

ऋषिकेश। 23 सितंबर 2026। उत्तराखंड संस्कृत संस्थानम्, उत्तराखंड सरकार, हरिद्वार के तत्वावधान में आयोजित ‘अष्टादश संस्कृतमहोत्सवः’ के अंतर्गत विकासखंड डोईवाला, जनपद देहरादून की दो दिवसीय खंडस्तरीय संस्कृत स्पर्धा (सत्र 2026-27) का शुभारंभ बुधवार को जयराम संस्कृत महाविद्यालय, ऋषिकेश में हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि महापौर नगर निगम ऋषिकेश शम्भू पासवान ने दीप प्रज्वलित कर किया।

संस्कृत भारत की ज्ञान परंपरा की आधारशिला: महापौर

इस अवसर पर महापौर शम्भू पासवान ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि संस्कृत केवल एक भाषा नहीं, बल्कि भारत की समृद्ध ज्ञान परंपरा, संस्कृति, संस्कार और आध्यात्मिक विरासत की आधारशिला है।

उन्होंने कहा कि संस्कृत भाषा के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए इस प्रकार की प्रतियोगिताओं का आयोजन महत्वपूर्ण है। ऐसी स्पर्धाओं से विद्यार्थियों में संस्कृत के प्रति रुचि बढ़ने के साथ भारतीय संस्कृति और परंपराओं के प्रति जागरूकता भी उत्पन्न होती है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

पहले दिन कनिष्ठ वर्ग की प्रतियोगिताएं आयोजित

प्रतियोगिता के प्रथम दिवस कनिष्ठ वर्ग की विभिन्न संस्कृत स्पर्धाएं आयोजित की गईं। इनमें संस्कृत नाटक, संस्कृत वाद-विवाद, संस्कृत समूहगान, संस्कृत आशुभाषण, संस्कृत समूहनृत्य और श्लोकोच्चारण प्रमुख रहे।

विभिन्न विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

अतिथियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में पूज्य गोपालाचार्य महाराज सहित अशोक शर्मा, प्रदीप शर्मा, प्रधानाचार्य जनार्दन बेलवाल, पूर्व प्रधानाचार्य मायाराम, डी.एस.बी. स्कूल के प्रधानाचार्य शिव सहगल और जयेंद्र रमोला उपस्थित रहे।

अतिथियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए संस्कृत भाषा के संरक्षण, संवर्धन और प्रचार-प्रसार की आवश्यकता पर विचार व्यक्त किए।

कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं संचालन में खंड संयोजक डॉ. सूर्यप्रकाश रतूड़ी, प्रधानाचार्य विजय जुगलान और खंड शिक्षा अधिकारी एवं मार्गदर्शक शिवानी कौशल का विशेष सहयोग रहा।

24 सितंबर को वरिष्ठ वर्ग की स्पर्धाएं और पुरस्कार वितरण

आयोजकों के अनुसार, 24 सितंबर 2026 को वरिष्ठ वर्ग की विभिन्न संस्कृत प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। प्रतियोगिताओं के बाद अपराह्न 3:00 बजे पुरस्कार वितरण एवं समापन समारोह होगा।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें