कोटद्वार: ₹1,34,999 की ऑनलाइन धोखाधड़ी के आरोपी को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार—SSP ने घोषित किया था ₹2,000 का इनाम

कोटद्वार। ऑनलाइन धोखाधड़ी के एक मामले में कोटद्वार पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और बेहतर टीमवर्क की मदद से फरार आरोपी को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर एक महिला के खाते से ₹1,34,999 की ऑनलाइन धोखाधड़ी करने का आरोप है। गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने ₹2,000 का इनाम घोषित किया था।

महिला की शिकायत पर दर्ज हुआ था मुकदमा

पुलिस के अनुसार, 14 अक्टूबर 2025 को वादिनी मधु नेगी ने कोतवाली कोटद्वार में शिकायती प्रार्थना पत्र देकर बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके बैंक खाते से ₹1,34,999 की ऑनलाइन धोखाधड़ी की है।

शिकायत के आधार पर कोतवाली कोटद्वार में मुकदमा अपराध संख्या 258/2025, धारा 318(4) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।

तकनीकी जांच में सामने आया आरोपी का नाम

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने जनपद में धोखाधड़ी, साइबर अपराध, आर्थिक अपराध और अवैध रूप से धन अर्जित करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए थे।

इन निर्देशों के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी कोटद्वार अस्मिता ममगाईं के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कोटद्वार प्रदीप नेगी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।

विवेचना के दौरान पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस, बैंक खातों की जांच और सुरागरसी से मिली जानकारी का विश्लेषण किया। जांच में अब्दुल रज्जाक निवासी फतेहपुर, पश्चिम बंगाल की मामले में संलिप्तता सामने आई।

मोबाइल बंद कर बदल रहा था ठिकाने

पुलिस के अनुसार, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी गई, लेकिन वह पुलिस से बचने के लिए फरार चल रहा था और मोबाइल फोन का इस्तेमाल भी नहीं कर रहा था। इसके बाद उसकी शीघ्र गिरफ्तारी के लिए SSP पौड़ी ने ₹2,000 का इनाम घोषित किया।

पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई

आरोपी की तलाश में पुलिस टीम को पश्चिम बंगाल भेजा गया। वहां तकनीकी सर्विलांस, लगातार सुरागरसी और टीमवर्क के जरिए उसकी लोकेशन एवं गतिविधियों से संबंधित जानकारी जुटाई गई।

पुलिस के मुताबिक, टीम के सतर्क प्रयासों के परिणामस्वरूप फरार आरोपी अब्दुल रज्जाक को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार कर लिया गया। उसे न्यायालय के समक्ष पेश कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस टीम

  1. उ0नि0 राजा राम डोभाल
  2. हे0का0 108 उत्तम सिंह चौहान

? व्हाट्सऐप पर शेयर करें