देहरादून: कैंट पुलिस ने अवैध सट्टा लगाते एक व्यक्ति को किया गिरफ्तार—सट्टा कॉपी और 4,230 रुपये बरामद

देहरादून। अवैध गतिविधियों में लिप्त अभियुक्तों के खिलाफ दून पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने सभी अधीनस्थ अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इन निर्देशों के अनुपालन में पुलिस टीमों द्वारा थाना क्षेत्रों में सघन चेकिंग और सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है।

मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई

इसी क्रम में 17 सितंबर 2026 की रात्रि को कैंट पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि बाजावाला से आने वाले रास्ते पर बांस के जंगल के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से सट्टा लगा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से सट्टा कॉपी, पेन और 4,230 रुपये नकद बरामद किए। पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह दिहाड़ी मजदूरी करता है, लेकिन बरसात के कारण इन दिनों उसके पास काम नहीं था। इसी वजह से जल्द पैसा कमाने के लालच में वह लोगों को ऑनलाइन सट्टा खिलाने लगा था।

पुलिस के अनुसार, अभियुक्त लोगों से ऑनलाइन सट्टा लगवाता था और जीतने वाले की धनराशि में से अपना कमीशन काटकर शेष रकम उसे दे देता था। अभियुक्त के विरुद्ध जुआ अधिनियम की धारा 13 के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।

गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण

हरक बहादुर थापा पुत्र स्वर्गीय किशन बहादुर थापा, निवासी प्रेमपुर माफी, कोलागढ़ रोड, थाना कैंट, जनपद देहरादून। उम्र: 56 वर्ष।

बरामदगी

  • सट्टा कॉपी और पेन
  • 4,230 रुपये नकद

पुलिस टीम

  1. अ0उ0नि0 वीरेन्द्र राम
  2. हे0का0 विनय बुटोला
  3. का0 कुलबीर सिंह


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें