ऋषिकेश: श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया हिंदी दिवस—साहित्यिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित

ऋषिकेश। श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज की प्रार्थना सभा में हिंदी दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार और उसके गौरव को समर्पित विभिन्न सांस्कृतिक एवं साहित्यिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।

कार्यक्रम में शहर की प्रतिष्ठित साहित्यिक संस्था ‘आवाज़’ के अध्यक्ष एवं शिक्षाविद् अशोक क्रेजी शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने छात्र-छात्राओं को साहित्य के प्रति रुचि विकसित करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही हिंदी के ऐतिहासिक एवं वर्तमान महत्व पर प्रकाश डालते हुए भाषा के प्रति सम्मान और जुड़ाव बनाए रखने का आह्वान किया।

हिंदी शिक्षकों को ‘आवाज़ साहित्यिक गौरव सम्मान’

हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में साहित्यिक संस्था ‘आवाज़’ की ओर से हिंदी अध्यापन एवं साहित्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए विद्यालय के हिंदी शिक्षक सुखदेव कंडवाल और रेखा बिष्ट को विशेष रूप से ‘आवाज़ साहित्यिक गौरव सम्मान’ से अलंकृत किया गया।

इसके अलावा विद्यालय के अन्य शिक्षकों एवं साहित्य प्रेमियों को भी सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में सुशीला बड़थ्वाल, रेखा बिष्ट, नीलम जोशी, सुखदेव कंडवाल, रंजना, जगदम्बा प्रसाद थपलियाल, रीता पुंडीर और रंजन अंथवाल प्रमुख रहे।

मुख्य अतिथि एवं हिंदी शिक्षकों का अभिनंदन

कार्यक्रम के प्रारंभ में विद्यालय के प्रधानाचार्य यमुना प्रसाद त्रिपाठी, शिवप्रसाद बहुगुणा, डॉ. सुनील दत्त थपलियाल, जितेंद्र बिष्ट और जयकृत रावत ने मुख्य अतिथि अशोक क्रेजी शर्मा का स्वागत किया। उन्हें अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया।

इसके बाद विद्यालय परिवार की ओर से हिंदी शिक्षकों का भी माला पहनाकर, उत्तरीय ओढ़ाकर और पेन भेंट कर अभिनंदन किया गया।

छात्र-छात्राओं की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां बनीं आकर्षण

हिंदी दिवस समारोह के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने हिंदी भाषा की महत्ता को दर्शाते हुए विभिन्न मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया और कार्यक्रम में हिंदी के प्रति भावनात्मक जुड़ाव का वातावरण बना दिया।

प्रधानाचार्य यमुना प्रसाद त्रिपाठी ने सफल प्रस्तुतियां देने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं शिक्षणेतर कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने हिंदी दिवस के अवसर पर हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार और उत्थान के लिए कार्य करने का संकल्प लिया।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें