देहरादून। हिन्दी दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में हिमालयी संस्कृति, परंपराओं और लोक जीवन को समर्पित पत्रिका ‘हिमालयन संस्कृति’ के प्रवेशांक का विमोचन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पत्रिका के माध्यम से हिमालयी राज्यों की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित और जन-जन तक पहुंचाने के प्रयास की सराहना की।
हिमालय भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक चेतना का आधार
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमालय केवल भौगोलिक क्षेत्र नहीं, बल्कि भारत की आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक चेतना का महत्वपूर्ण आधार है। हिमालयी लोक परंपराओं और विरासत का संरक्षण सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि ‘हिमालयन संस्कृति’ पत्रिका के माध्यम से हिमालयी राज्यों की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं, लोक आस्थाओं, रीति-रिवाजों, लोक कला, लोक साहित्य, इतिहास और विरासत से जुड़े विभिन्न पहलुओं को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है। साथ ही पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन से जुड़े विषयों को भी इसमें स्थान दिया गया है।
युवा पीढ़ी को हिमालयी विरासत से परिचित कराने का प्रयास
मुख्यमंत्री ने कहा कि पत्रिका के माध्यम से युवा पीढ़ी को हिमालय की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान से परिचित कराने का प्रयास सराहनीय है। उन्होंने कहा कि यह विशेषांक हिमालयी समाज की जीवंत सांस्कृतिक विरासत का संदर्भ-स्रोत बनने के साथ संस्कृति के संरक्षण और हिमालयी पर्यावरण के प्रति जागरूकता एवं संवेदनशीलता को नई दिशा देने में सहायक होगा।
लोक स्मृतियों और परंपरागत ज्ञान को दस्तावेज के रूप में संरक्षित करने की पहल
पत्रिका के संपादक रजनीश कौंसवाल ने कहा कि विशेषांक में हिमालयी संस्कृति के विविध पक्षों को एक मंच पर लाने का प्रयास किया गया है। इसमें हिमालय की लोक स्मृतियों, परंपरागत ज्ञान, लोक कलाओं, सामाजिक जनसरोकारों और पर्यावरणीय चेतना को दस्तावेज के रूप में संरक्षित करने की दिशा में कार्य किया गया है।
गणमान्य व्यक्तियों ने दी शुभकामनाएं
इस अवसर पर रायपुर विधायक उमेश शर्मा (काऊ), भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल, विनोद खंडूरी, बद्री केदार मंदिर समिति के उपाध्यक्ष प्रसाद सती, सदस्य राजपाल जड़धारी, विपिन, वरिष्ठ पत्रकार हरीश कोठारी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति और संस्कृति प्रेमी मौजूद रहे।
सभी ने संपादक रजनीश कौंसवाल को पत्रिका के इस अभिनव एवं सराहनीय प्रयास के लिए शुभकामनाएं दीं।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
