डोईवाला। विकासखंड डोईवाला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से दूधली-डोईवाला मार्ग पर लगाए गए उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरों की क्षेत्रीय जनता ने सराहना की है। कुछ दिन पूर्व विकासखंड की ओर से जंगल एवं ग्रामीण क्षेत्र की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रमुख स्थानों पर बड़े कैमरे लगाए गए हैं।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि इन कैमरों से क्षेत्र में होने वाली संदिग्ध एवं अवैध गतिविधियों पर निगरानी रखने में पुलिस और जांच एजेंसियों को मदद मिलेगी। चोरी, अवैध खनन, वन संपदा की तस्करी और नशे के कारोबार जैसी गतिविधियों पर अंकुश लगाने में भी यह व्यवस्था उपयोगी साबित हो सकती है।
जंगल और वन्यजीवों की सुरक्षा में भी मदद
स्थानीय लोगों के अनुसार कैमरों की निगरानी से वनों की सुरक्षा, वन्यजीव संरक्षण, अवैध पेड़ कटान और लकड़ी चोरी जैसी गतिविधियों पर नजर रखना आसान होगा। वहीं जंगल में अनधिकृत प्रवेश और सड़क किनारे कूड़ा फेंकने जैसी गतिविधियों पर भी नियंत्रण की उम्मीद जताई जा रही है।
क्षेत्रवासियों ने कहा कि कैमरे लगाए जाने से संबंधित स्थानों पर होने वाली गतिविधियों की निगरानी बेहतर तरीके से की जा सकेगी और आवश्यकता पड़ने पर पुलिस एवं जांच एजेंसियों को महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है।
पुलिस की गश्त से बढ़ेगी निगरानी
क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि सीसीटीवी कैमरों के साथ नेहरू कॉलोनी, डोईवाला और क्लेमेंटटाउन पुलिस भी संबंधित क्षेत्रों में अपनी गश्त और निगरानी व्यवस्था को और मजबूत करेगी। इससे सुरक्षा व्यवस्था को व्यापक स्तर पर बेहतर बनाने में मदद मिल सकती है।
आवारा गोवंश की समस्या पर भी उठी चिंता
स्थानीय समाजसेवियों और बुद्धिजीवियों ने दूधली-डोईवाला क्षेत्र में आवारा गोवंश की समस्या की ओर भी ध्यान दिलाया। उनका कहना है कि देहरादून के विभिन्न क्षेत्रों से गोवंश को अक्सर जंगलों में छोड़ दिया जाता है। कई बार ये गोवंश सड़क पर पहुंचकर दुर्घटनाओं का कारण बनते हैं, जबकि जंगल में जंगली जानवरों का शिकार भी हो सकते हैं।
क्षेत्रवासियों ने विकासखंड प्रमुख गौरव चौधरी की पहल की सराहना करते हुए कहा कि सुरक्षा और जनहित से जुड़े ऐसे प्रयासों को आगे भी जारी रखा जाना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि सीसीटीवी निगरानी के माध्यम से गलत गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगेगी और राष्ट्रीय संपत्ति, वन एवं वन्यजीवों को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ कार्रवाई में भी मदद मिलेगी।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
