चमोली: THDC की निर्माणाधीन टनल में मलबा भरने से 16 लोग सुरक्षित निकाले गए, जिलाधिकारी ने संभाला मोर्चा

पीपलकोटी/चमोली। मायापुर स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में मलबा और पानी भरने की सूचना के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी गौरव कुमार स्वयं मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव अभियान की लगातार निगरानी कर रहे हैं।

16 लोगों को सुरक्षित निकाला गया

टनल में फंसे लोगों में से अब तक 16 व्यक्तियों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है। वहीं, टनल में मौजूद शेष लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए बचाव अभियान लगातार जारी है। रेस्क्यू टीमें युद्धस्तर पर टनल के भीतर पहुंचने और फंसे लोगों को बाहर निकालने में जुटी हैं।

कई एजेंसियां मौके पर तैनात

घटनास्थल पर जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, आईटीबीपी, सेना सहित अन्य संबंधित टीमें मौजूद हैं। सभी एजेंसियों के बीच समन्वय बनाकर राहत एवं बचाव कार्य संचालित किया जा रहा है।

जिलाधिकारी गौरव कुमार ने मौके पर मौजूद अधिकारियों एवं रेस्क्यू टीमों से स्थिति की जानकारी लेते हुए बचाव कार्यों को पूरी तत्परता, सतर्कता और बेहतर समन्वय के साथ संचालित करने के निर्देश दिए हैं।

प्रशासन की ओर से घटनास्थल पर आवश्यक संसाधन और अन्य व्यवस्थाएं जुटाई जा रही हैं। पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर रखी जा रही है और प्राथमिकता टनल में फंसे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की है।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें