डोईवाला। लगातार हो रही बारिश के बीच भाजपा नेता समर महंत ने डोईवाला विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न इलाकों का दौरा कर बारिश से हुए नुकसान और संभावित खतरे का जायजा लिया। उन्होंने सुसवा एवं सौंग नदी के आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण करते हुए प्रशासन से संवेदनशील स्थानों पर तत्काल सुरक्षा उपाय करने की मांग की।
माजरी में अधूरे पुल निर्माण को लेकर चिंता
समर महंत ने बताया कि माजरी क्षेत्र में डेंटल कॉलेज के पास स्थित पुल पूर्व में क्षतिग्रस्त हो चुका है और वर्तमान में इसकी मरम्मत का कार्य चल रहा है। हालांकि, निर्माण कार्य अभी पूरा नहीं हुआ है। बारिश के कारण पुल के आसपास दोबारा नुकसान की स्थिति बनी हुई है, जिससे भविष्य में बड़ी दुर्घटना की आशंका है। उन्होंने संबंधित विभाग से निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने की मांग की।
सुसवा नदी क्षेत्र में अवैध खनन और कटाव पर सवाल
समर महंत ने अवैध खनन, अतिक्रमण और नदी किनारे अवैध प्लॉटिंग को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने विशेष रूप से फन्दूवाला-दुधली क्षेत्र में सुसवा नदी की स्थिति को चिंताजनक बताया।
उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर नदी का तल खेतों के स्तर तक ऊंचा हो गया है और लगातार भूमि कटाव हो रहा है। शिमलास गांव में श्मशान घाट और जलापूर्ति टैंक भी नदी के कटाव की चपेट में आने के खतरे में हैं। उन्होंने प्रशासन से इन स्थानों का तत्काल निरीक्षण कराने की मांग की।
डोईवाला-मोथरोवाला मार्ग पर अधूरे कार्यों से खतरा
समर महंत ने डोईवाला-मोथरोवाला मार्ग का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि मार्ग पर कई स्थानों पर पुलिया निर्माण कार्य अधूरा है। जगह-जगह अधूरी अथवा क्षतिग्रस्त सड़क के कारण वाहन चालकों और स्थानीय लोगों के लिए दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। उन्होंने संबंधित विभाग से मार्ग का तत्काल निरीक्षण कर अधूरी पुलियों और क्षतिग्रस्त सड़कों का निर्माण एवं मरम्मत कार्य शीघ्र पूरा कराने की मांग की।
हाथियों की आवाजाही पर भी जताई चिंता
दुधली ग्राम सभा क्षेत्र में राजाजी नेशनल पार्क की ओर से हाथियों को आबादी और खेतों में आने से रोकने के लिए बनाई गई सुरक्षा दीवार के क्षतिग्रस्त होने पर भी समर महंत ने चिंता जताई।
उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था कमजोर होने के कारण हाथी जंगल से निकलकर खेतों और मुख्य मार्गों तक पहुंच रहे हैं, जिससे ग्रामीणों की जान-माल पर खतरा बना हुआ है। उन्होंने हाल ही में थानो गांव में हाथी के हमले में घायल महिला की मृत्यु का भी उल्लेख किया।
समय रहते ठोस कार्रवाई की मांग
समर महंत ने कहा कि सरकार, प्रशासन और वन विभाग को मानव-वन्यजीव संघर्ष, नदी कटाव और क्षतिग्रस्त बुनियादी ढांचे से जुड़े मामलों को गंभीरता से लेना चाहिए।
उन्होंने नदी क्षेत्रों में अवैध खनन एवं अतिक्रमण की जांच, संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा कार्य, क्षतिग्रस्त पुलों एवं सुरक्षा दीवारों की मरम्मत और डोईवाला-मोथरोवाला मार्ग के अधूरे कार्यों को जल्द पूरा करने की मांग की। उन्होंने कहा कि किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार करने के बजाय प्रशासन को समय रहते आवश्यक कदम उठाने चाहिए।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
