नैनीताल में मतदाता सूची पुनरीक्षण का निरीक्षण, आयुक्त दीपक रावत ने बूथों का किया औचक निरीक्षण

नैनीताल। कुमाऊं आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने नैनीताल जिले के विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा कर विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत चल रहे कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में पारदर्शिता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।

नोटिसों की सुनवाई और दस्तावेजों के सत्यापन पर दिया जोर

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने बूथों पर जारी नोटिसों की सुनवाई, तामील और रसीद वितरण की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने स्वयं मतदाता सूची की स्कैनिंग कर निरीक्षण किया, जिसमें कुछ नाम संबंधी त्रुटियां सामने आईं। उन्होंने निर्देश दिए कि संबंधित मतदाता निर्धारित तिथि पर हाईस्कूल प्रमाणपत्र, स्थायी निवास प्रमाणपत्र एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत कर त्रुटियों का समय पर निराकरण कराएं।

वास्तविक मतदाताओं का नाम नहीं हटेगा

आयुक्त ने स्पष्ट किया कि वर्ष 2003 के आधार पर जिन मतदाताओं की मैपिंग की जा रही है या जिनका नाम सूची में नहीं है, वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपना नाम दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी पात्र और वास्तविक मतदाता का नाम सूची से नहीं हटाया जाएगा।

AERO अधिकारियों को बूथों पर रहने के निर्देश

दीपक रावत ने बताया कि एईआरओ (AERO) अधिकारियों का बूथवार शेड्यूल तैयार कर दिया गया है। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी निर्धारित समय पर बूथों पर उपस्थित रहकर मतदाताओं की शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।

20 करोड़ की पार्किंग परियोजना का भी किया निरीक्षण

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने कुमाऊं मंडल विकास निगम की निर्माणाधीन वाहन पार्किंग का भी जायजा लिया। उन्होंने बताया कि लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत वाली परियोजना में रेलिंग का कार्य पूरा हो चुका है और 9 दुकानें भी तैयार हैं। उन्होंने अधिकारियों को पार्किंग स्थल को जल्द संचालित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी विवेक राय, एसडीएम नवाजिश खालिक, सहायक निर्वाचन अधिकारी एच.डी. पांडे, विभिन्न सुपरवाइजर एवं बीएलओ उपस्थित रहे।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें