मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने की कौशल विकास योजनाओं की समीक्षा, उद्योगों की मांग के अनुरूप प्रशिक्षण पर जोर

देहरादून। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में शुक्रवार को सचिवालय में कौशल विकास एवं रोजगार योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कौशल विकास कार्यक्रमों, प्रशिक्षण, रोजगार, प्लेसमेंट और आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।

उद्योगों की मांग के अनुरूप होगा प्रशिक्षण

मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि कौशल विकास कार्यक्रमों को उद्योगों की वर्तमान और भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार किया जाए। साथ ही युवाओं की रुचि और स्थानीय रोजगार की जरूरतों के अनुसार गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण उपलब्ध कराकर उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ा जाए।

उत्तराखंड बनेगा स्किल हब

मुख्य सचिव ने कहा कि कौशल विकास से जुड़े सभी विभाग एक साझा मंच पर कार्य करें, ताकि युवाओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने सचिव, कौशल विकास को सेतु आयोग और अन्य संबंधित पक्षों के सहयोग से प्रदेश को स्किल हब बनाने के लिए एक समग्र डैशबोर्ड तैयार करने के निर्देश दिए।

आईटीआई होंगे अपग्रेड, टाटा टेक्नोलॉजीज से प्रशिक्षण शुरू

सचिव कौशल विकास एवं सेवायोजन सी. रविशंकर ने बताया कि स्कूल, उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा और चिकित्सा शिक्षा विभागों के सहयोग से उद्योगों के मानकों के अनुरूप आईटीआई को अपग्रेड किया जा रहा है। वर्तमान में प्रदेश में 119 आईटीआई संचालित हैं, जिनमें से 90 आईटीआई को पोर्टल पर मैप किया जा चुका है। टाटा टेक्नोलॉजीज के सहयोग से शॉर्ट-टर्म ट्रेनिंग कोर्स भी शुरू किए गए हैं।

विदेशी रोजगार और रोजगार पोर्टल पर भी फोकस

उन्होंने बताया कि युवाओं को विदेशों में रोजगार के लिए स्किल इंडिया इंटरनेशनल सेंटर के माध्यम से वैश्विक मानकों के अनुरूप प्रशिक्षण, भाषा ज्ञान और अन्य आवश्यक दक्षताएं प्रदान करने की दिशा में तीन एजेंसियों से बातचीत चल रही है। वहीं रोजगार प्रयाग पोर्टल पर निजी नियोक्ताओं का पंजीकरण भी किया जा रहा है। अब तक 162 निजी नियोक्ताओं को पोर्टल से जोड़ा जा चुका है।

बैठक में सेवायोजन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें