चमोली। जिले की ग्राम पंचायत रागतोली के समीप एक गधेरे में लावारिस हालत में जीवित नवजात शिशु मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और नवजात को तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचाकर भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है।
स्थानीय लोगों ने दी पुलिस को सूचना
प्राप्त जानकारी के अनुसार चमोली कोतवाली से करीब 12 किलोमीटर दूर रागतोली गांव के पास गुरुवार सुबह स्थानीय लोगों ने गधेरे में एक नवजात को जीवित अवस्था में देखा। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर नवजात को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया।
सुबह ही छोड़े जाने की आशंका
स्थानीय लोगों का अनुमान है कि नवजात को सुबह के समय ही वहां छोड़ा गया होगा, क्योंकि वह जीवित अवस्था में मिला। घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। हालांकि नवजात को वहां छोड़ने के कारणों को लेकर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
सभी पहलुओं से जांच कर रही पुलिस
पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नवजात को वहां कौन और किन परिस्थितियों में छोड़कर गया। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच जारी है।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
