चमोली। जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को जिला सभागार, गोपेश्वर में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याएं सुनी गईं। कार्यक्रम के दौरान प्राप्त 22 शिकायतों पर सुनवाई करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सड़क और आवास संबंधी समस्याओं पर दिए निर्देश
सुभाष नगर निवासी सुरेंद्र सिंह ने मकान तक पहुंचने के मार्ग की समस्या उठाई। इस पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी एवं राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों को संयुक्त रूप से स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
वहीं, नंदानगर निवासी छुम्ला देवी ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत भवन निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध न होने की समस्या रखी। जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी को मामले की जांच कर भूमिहीन श्रेणी के संबंध में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही खंड विकास कार्यालय से भी रिपोर्ट तलब करते हुए कहा कि यदि आवेदिका नियमानुसार भूमिहीन पाई जाती हैं, तो उन्हें भवन निर्माण के लिए आवश्यक भूमि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए।
विद्यालय, बिजली और कृषि से जुड़ी समस्याओं पर कार्रवाई के निर्देश
ग्राम प्रधान डूंगा द्वारा प्राथमिक विद्यालय की चारदीवारी निर्माण की मांग पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को मनरेगा के माध्यम से कार्य कराने के निर्देश दिए।
थराली निवासी किशन दानू ने घर के समीप से गुजर रही विद्युत लाइन को हटाने की मांग की। इस पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता विद्युत को स्थलीय सर्वे कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं तारबाड़ से संबंधित शिकायत पर मुख्य कृषि अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करने के लिए कहा गया।
जखोला क्षेत्र में शिक्षक और नेटवर्क समस्या के समाधान पर जोर
किमाणा-जखोला क्षेत्र के ग्रामीणों ने राजकीय इंटर कॉलेज जखोला में शिक्षकों की कमी, गैस सिलेंडर की उपलब्धता और नेटवर्क समस्या का मुद्दा उठाया। जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को विद्यालय में शिक्षकों की तैनाती सुनिश्चित करने, जिला पूर्ति अधिकारी को गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने तथा ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर को क्षेत्र की नेटवर्क समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री आवास योजना के मामलों की होगी निष्पक्ष जांच
प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित एक शिकायत पर जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने-अपने क्षेत्रों में योजना से जुड़े सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कराई जाए। उन्होंने कहा कि जांच ऐसे अधिकारियों एवं कार्मिकों से कराई जाए, जो पूर्व में किए गए सर्वेक्षण से जुड़े न रहे हों। साथ ही विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री आवास योजना का कोई भी पात्र लाभार्थी योजना के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए।
अन्य शिकायतों पर भी त्वरित कार्रवाई के निर्देश
कार्यक्रम के दौरान वीरेंद्र दानू, दिनेश सिंह, कु. संतोषी, आनंद सैलानी, राकेश लाल सहित अन्य फरियादियों की शिकायतों पर भी जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को शीघ्र एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, परियोजना निदेशक आनंद सिंह, उपजिलाधिकारी राजकुमार पांडे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: प्रदीप चौहान
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
