चमोली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल पर आयोजित ‘सेवा सप्ताह’ के तहत मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घाट (नंदानगर) में दूसरे दिन भी विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 227 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं।
शिविर के दौरान 68 लोगों की हाइपरटेंशन तथा 68 लोगों की मधुमेह (डायबिटीज) की स्क्रीनिंग की गई। इसके अलावा 7 गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच, 10 एक्स-रे और 92 विभिन्न लैब जांचें की गईं। वहीं 20 किशोरियों को मासिक स्वास्थ्य संबंधी परामर्श भी दिया गया।
स्वास्थ्य विभाग ने महिलाओं के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देते हुए 49 महिलाओं की सर्वाइकल एवं स्तन कैंसर की स्क्रीनिंग की, जबकि 68 लोगों की मुख कैंसर जांच भी की गई। इसके अतिरिक्त 10 किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन, 18 लोगों की टीबी स्क्रीनिंग, 32 लोगों की आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट (आभा) आईडी तथा 5 लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभिषेक गुप्ता ने बताया कि 15 जुलाई को भी विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर का लाभ उठाने की अपील की।
इन विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी सेवाएं
-
डॉ. भानु प्रताप (सर्जन) – 41 मरीज
-
डॉ. अंबरीश कुमार सिंह (अस्थि रोग विशेषज्ञ) – 41 मरीज
-
शिव सिंह राणा (वरिष्ठ दृष्टिमितज्ञ) – 18 मरीज
-
डॉ. सुदेश (फिजीशियन एवं मेडिसिन विशेषज्ञ) – 56 मरीज
-
डॉ. अमृता (स्त्री रोग विशेषज्ञ) – 8 मरीज
-
डॉ. सीमा सिंह (बाल रोग विशेषज्ञ) – 12 मरीज
-
डॉ. अनुराग सक्सेना (दंत रोग विशेषज्ञ) – 16 मरीज
-
डॉ. हर्षवर्धन सिंह रावत (होम्योपैथिक चिकित्सक) – 15 मरीज
शिविर के सफल संचालन में स्वास्थ्य विभाग की टीम, ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधन इकाई, एएनएम, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी तथा आशा कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण सहयोग दिया।
रिपोर्ट: प्रदीप चौहान
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
