चमोली: ऑपरेशन प्रहार के तहत पीपलकोटी पुलिस ने नशे में हंगामा करने वालों पर की कार्रवाई

चमोली। जनपद चमोली पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ अभियान के तहत कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत पीपलकोटी पुलिस ने शराब के नशे में हंगामा और मारपीट कर रहे श्रमिकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार, पीपलकोटी चौकी क्षेत्र में दो अलग-अलग ठेकेदारों के श्रमिक शराब के नशे में आपस में विवाद और मारपीट कर रहे थे। इससे क्षेत्र की शांति व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया।

पुलिस ने मौके पर सार्वजनिक शांति भंग करने वाले सभी संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ उत्तराखंड पुलिस अधिनियम की धारा 81 के तहत चालानी कार्रवाई की। साथ ही सभी को भविष्य में इस प्रकार की हरकत न करने की सख्त चेतावनी भी दी गई।

चमोली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत नशाखोरी, हुड़दंग और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले तत्वों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें