देहरादून। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पूरा उत्तराखंड देशभक्ति और राष्ट्रभावना से सराबोर नजर आया। देहरादून में आयोजित मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ध्वजारोहण कर प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया और फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने 14 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक प्रदान किए। इनमें सात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सेवा के आधार पर तथा छह को विशिष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। वहीं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय प्रदर्शन करने वाले 13 खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया।
शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को किया नमन
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों, वीर बलिदानियों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने देश की सीमाओं की रक्षा कर रहे सैनिकों, अर्धसैनिक बलों और पुलिस के जवानों के प्रति भी आभार व्यक्त किया। साथ ही उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलन में अपना जीवन समर्पित करने वाले राज्य आंदोलनकारियों और शहीदों को भी नमन किया।
हाल ही में प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में आई प्राकृतिक आपदाओं का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। सरकार का प्रयास है कि प्रभावित लोगों तक जल्द राहत पहुंचे, घायलों को बेहतर उपचार मिले और जिन लोगों ने अपने घर या आजीविका खोई है, उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए। क्षतिग्रस्त सड़कों, पुलों, पेयजल और विद्युत लाइनों को भी जल्द दुरुस्त करने के प्रयास जारी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2026 कई महत्वपूर्ण अवसरों का साक्षी है। देश स्वतंत्रता के 80वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है और राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ मनाई जा रही है। इसके साथ ही संत शिरोमणि रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती और सिख पंथ के नौवें गुरु गुरु तेग बहादुर जी का 350वां शहीदी वर्ष भी मनाया जा रहा है। उन्होंने विभाजन विभीषिका में पीड़ा झेलने, अपनों को खोने और विस्थापन का दंश सहने वाले लोगों को भी श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री ने की सात बड़ी घोषणाएं
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश के विकास और युवाओं से जुड़ी सात महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं—
- चमोली, पौड़ी और अल्मोड़ा में विशेष औद्योगिक पार्क स्थापित किए जाएंगे।
- प्रदेश में पहला ‘युवा आयोग’ गठित किया जाएगा।
- सीमावर्ती क्षेत्रों के युवाओं, पूर्व सैनिकों और अग्निवीरों को स्वरोजगार एवं उद्यम स्थापना के लिए अतिरिक्त सहायता और प्रोत्साहन दिया जाएगा।
- वर्ग-3 और वर्ग-4 की भूमि के विनियमितीकरण की समय-सीमा बढ़ाकर भूमिधरी अधिकार दिए जाएंगे।
- प्रधानमंत्री आवास योजना में राज्यांश को 50 हजार रुपये से बढ़ाकर 75 हजार रुपये किया जाएगा।
- 18 से 30 वर्ष के युवाओं के लिए मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार एवं उद्यमिता प्रोत्साहन योजना शुरू होगी। आईआईटी और आईआईएम जैसे संस्थानों के सहयोग से निःशुल्क उद्यमिता एवं कौशल प्रशिक्षण दिया जाएगा तथा उद्यम स्थापित करने के लिए बैंक ऋण की 30 प्रतिशत राशि सरकार अनुदान के रूप में देगी।
- प्रदेश के साहसी बच्चों को सम्मानित करने के लिए इसी वर्ष से ‘बाल वीरता पुरस्कार’ शुरू किया जाएगा।
मुख्यमंत्री आवास पर भी हुआ ध्वजारोहण
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में भी ध्वजारोहण किया। इससे पहले मुख्यमंत्री सहित अधिकारियों और कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया। इसके बाद राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया और उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई गई।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को नमन किया।
उन्होंने कहा कि अमर बलिदानियों ने जिस मजबूत, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत का सपना देखा था, उसे साकार करने की दिशा में देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आगे बढ़ रहा है। विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपने कार्यक्षेत्र में पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ योगदान देना होगा। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयास और जनभागीदारी से ही देश विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंच सकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के समग्र, संतुलित और सतत विकास के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। सरकार का लक्ष्य है कि विकास का लाभ प्रदेश के हर क्षेत्र और हर वर्ग तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग और सहभागिता से उत्तराखंड को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाने की दिशा में प्रयास जारी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को याद करने का भी दिन है।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
