ऋषिकेश: पीएम स्वनिधि योजना के तहत 82 स्ट्रीट फूड वेंडर्स को मिला फूड सेफ्टी सर्टिफिकेट

ऋषिकेश: प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर आत्मनिर्भर निधि (PM SVANidhi) योजना के अंतर्गत नगर निगम ऋषिकेश, शहरी विकास विभाग (उत्तराखंड) के तत्वावधान में एक विशेष ‘लोक कल्याण मेला’ का आयोजन किया जा रहा है। यह मेला 01 जून 2026 से 30 जून 2026 तक संचालित है।

इसी क्रम में आज कार्यक्रम के दौरान फेरी व्यवसायियों और स्ट्रीट फूड वेंडर्स की आजीविका को सुदृढ़ करने एवं जन-स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया।मेले के दौरान आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में कुल 82 स्ट्रीट फूड वेंडर्स को आधिकारिक खाद्य सुरक्षा प्रमाण पत्र (Food Safety Certificates) वितरित किए गए।

इन सभी वेंडर्स को दो माह पूर्व स्वास्थ्य एवं स्वच्छता (Hygiene) के मानकों को बनाए रखने के लिए एक विशेष प्रशिक्षण भी दिया गया था। इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य वेंडर्स को खाद्य सामग्री को पूरी तरह साफ-सुथरा रखने और आम जनता तक सही व सुरक्षित भोजन पहुंचाने के तौर-तरीके सिखाना था।

​इसके साथ ही, वेंडर्स को अपने दैनिक व्यवसाय में स्वच्छता के नियमों का पालन करने में मदद करने के लिए आवश्यक सुरक्षा किट भी दी गई, जिसमें ग्लव्स, एप्रन और टोपी जैसी सामग्रियां शामिल थीं। इस पूरी पहल का मुख्य उद्देश्य ऋषिकेश शहर में आने वाले स्थानीय निवासियों और पर्यटकों तक स्वच्छ, सुरक्षित और मिलावट रहित स्ट्रीट फूड पहुंचाना है, जिससे रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों को एक सम्मानजनक और सुरक्षित आजीविका का अवसर मिल सके।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें