देहरादून।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अनुमोदन के बाद प्रदेश के सभी 13 जनपदों को जिला योजना के अंतर्गत विकास कार्यों हेतु कुल ₹1018.206 करोड़ की धनराशि आवंटित की गई है। यह राशि जनपदों की आवश्यकताओं के अनुसार विभिन्न विकास योजनाओं के लिए जारी की गई है।
अनुसूचित जाति और जनजाति उपयोजना के लिए भी आवंटन
आवंटित धनराशि में अनुसूचित जाति उपयोजना के अंतर्गत ₹200.221 करोड़, अनुसूचित जनजाति उपयोजना हेतु ₹30.007 करोड़ तथा सामान्य मद में ₹787.978 करोड़ शामिल हैं।
पिछले वित्तीय वर्ष में ₹996.72 करोड़ हुए थे व्यय
सरकार की ओर से जानकारी दी गई कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में जिला योजना के अंतर्गत ₹1010.23 करोड़ की धनराशि अवमुक्त की गई थी, जिसके सापेक्ष मार्च 2026 तक ₹996.72 करोड़ व्यय किए गए। शेष राशि वित्त विभाग को वापस समर्पित कर दी गई थी।
पौड़ी को सर्वाधिक धनराशि आवंटित
जनपदवार आवंटन में पौड़ी जनपद को सर्वाधिक ₹119.977 करोड़ की धनराशि प्रदान की गई है, जबकि देहरादून को ₹99.394 करोड़ आवंटित किए गए हैं।
इसके अलावा—
- नैनीताल को ₹70.189 करोड़
- उधमसिंह नगर को ₹74.132 करोड़
- अल्मोड़ा को ₹74.737 करोड़
- पिथौरागढ़ को ₹71.737 करोड़
- बागेश्वर को ₹59.618 करोड़
- चम्पावत को ₹76.914 करोड़
- टिहरी को ₹95.215 करोड़
- चमोली को ₹74.237 करोड़
- उत्तरकाशी को ₹76.542 करोड़
- रुद्रप्रयाग को ₹58.158 करोड़
- हरिद्वार को ₹67.356 करोड़ की धनराशि आवंटित की गई है।
स्थानीय जरूरतों के अनुसार होंगे विकास कार्य
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि जिला योजना के माध्यम से प्राप्त धनराशि से जनपदों में स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप आधारभूत संरचना, ग्रामीण विकास, पेयजल, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य जनोपयोगी योजनाओं को गति मिलेगी।
संतुलित एवं समावेशी विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के संतुलित एवं समावेशी क्षेत्रीय विकास के लिए प्रतिबद्ध है तथा विकास योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
