चमोली।
जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को जिला सभागार में मुख्यमंत्री घोषणाओं एवं 25 सूत्रीय कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने जनहित से जुड़े कार्यों में बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने तथा लंबित परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री घोषणाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश
बैठक में मुख्यमंत्री घोषणाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री घोषणाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि जनपद स्तर पर कोई भी मुख्यमंत्री घोषणा अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रहनी चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जिन घोषणाओं में शासन स्तर पर कार्रवाई अपेक्षित है, उनसे संबंधित सभी औपचारिकताएं पूर्ण कर प्रस्ताव शीघ्र शासन को भेजे जाएं।
निर्माणाधीन परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग पर जोर
जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन एवं क्रियान्वयनाधीन परियोजनाओं का विभागीय अधिकारियों द्वारा नियमित निरीक्षण किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी कार्य निर्धारित समयावधि में गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराए जाएं।
25 सूत्रीय कार्यक्रमों में गुणवत्ता और लक्ष्य पूर्ति पर फोकस
25 सूत्रीय कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को विभागीय आंकड़ों की शुद्धता एवं गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप उपलब्धियों में वृद्धि करते हुए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।
101 मुख्यमंत्री घोषणाओं का कार्य पूर्ण
बैठक में जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी ने जानकारी दी कि जनपद में 4 जुलाई 2021 से अब तक माननीय मुख्यमंत्री द्वारा कुल 166 घोषणाएं की गई हैं। इनमें से 101 घोषणाओं का कार्य पूर्ण किया जा चुका है, जबकि शेष घोषणाओं पर विभिन्न स्तरों पर आवश्यक कार्रवाई एवं क्रियान्वयन की प्रक्रिया जारी है।
ये रहे मौजूद
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, उप जिलाधिकारी राजकुमार पांडे, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अभिषेक गुप्ता, जिला विकास अधिकारी के.के. पंत, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी विनय जोशी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नन्द किशोर जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
