विकास योजनाओं की जमीनी हकीकत परखेंगे अधिकारी: सचिव दीपक कुमार

भीमताल।
सचिव संस्कृत शिक्षा, जनगणना एवं कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग उत्तराखंड शासन दीपक कुमार की अध्यक्षता में रविवार को विकास भवन भीमताल में विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति और उनके क्रियान्वयन की विस्तार से समीक्षा की गई।

फील्ड में जाकर होगा योजनाओं का सत्यापन

सचिव दीपक कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए क्षेत्र में जाकर भौतिक सत्यापन अनिवार्य रूप से किया जाए। उन्होंने लाभार्थी सत्यापन, अवसंरचना निरीक्षण और सेवा वितरण की गुणवत्ता पर विशेष जोर दिया।

मुख्यमंत्री घोषणाओं और हेल्पलाइन मामलों की समीक्षा

बैठक में मुख्यमंत्री घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए लंबित कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों का रैंडम सत्यापन कर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया।

महिला समूहों और स्वरोजगार पर विशेष जोर

सचिव ने स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए आय के नए स्रोत विकसित करने के निर्देश दिए। एनआरएलएम और एनयूएलएम के तहत गठित समूहों में “लखपति दीदी” मॉडल को बढ़ावा देने और बेहतर प्रदर्शन करने वाले समूहों की पहचान करने को कहा गया।

सड़क, सिंचाई और जल योजनाओं की समीक्षा

पीएमजीएसवाई के तहत निर्मित सड़कों को गड्ढा मुक्त रखने और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। सिंचाई विभाग को नहर, गूल और हाइड्रम योजनाओं के सुधारीकरण कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए।
जल जीवन मिशन के तहत हर घर नल योजना की भी समीक्षा की गई और दिए गए कनेक्शनों का समय-समय पर सत्यापन करने को कहा गया।

स्वास्थ्य और शिक्षा पर भी फोकस

बैठक में सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सकों की तैनाती और आमजन को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली गई। साथ ही विद्यालयों में पठन-पाठन, पेयजल और छात्र-छात्राओं के लिए पृथक शौचालय व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

कृषि और बीमा योजनाओं पर निर्देश

कृषि एवं उद्यान विभाग को किसानों को कृषि बीज, खाद और कृषि यंत्र समय पर उपलब्ध कराने तथा मौसम से होने वाली क्षति पर बीमा योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए।

संस्कृत भाषा और जनगणना कार्यों की समीक्षा

सचिव ने सभी विभागों को कार्यालयों के बोर्ड और नाम पट्टिकाएं संस्कृत भाषा में भी लिखने के निर्देश दिए।
जनगणना कार्यों की समीक्षा के दौरान कुछ क्षेत्रों में धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए कार्यों को समय से पहले पूरा करने के निर्देश दिए गए।

गांवों में रात्रि प्रवास के निर्देश

“सरकार जनता के द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत अधिकारियों को रोस्टर के अनुसार गांवों में रात्रि विश्राम कर लोगों की समस्याएं सुनने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में रहे मौजूद

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सौरभ असवाल, सहायक परियोजना निदेशक डीआरडीए चंदा फर्त्याल, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी डॉ. मुकेश नेगी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

रिपोर्ट: पहाड़ी चीता ब्यूरो


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें