नैनीताल।
सरोवर नगरी नैनीताल समेत पूरे जनपद में छात्र-छात्राओं, विशेषकर छात्राओं की सुरक्षा को लेकर नैनीताल पुलिस अब और अधिक सतर्क हो गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने सभी थाना प्रभारियों, यातायात पुलिस, सीपीयू एवं चौकी प्रभारियों को स्कूलों और कॉलेजों के आसपास नियमित पुलिस गश्त सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
स्कूल खुलने और बंद होने के समय विशेष निगरानी
एसएसपी ने निर्देशित किया है कि विद्यालय खुलने और बंद होने के समय पुलिस की सक्रिय मौजूदगी बनी रहे तथा यातायात व्यवस्था को भी सुचारू रखा जाए, ताकि छात्र-छात्राएं सुरक्षित वातावरण में शिक्षा ग्रहण कर सकें और अभिभावकों में भी सुरक्षा को लेकर विश्वास कायम रहे।
छात्राओं को किया जागरूक
इसी क्रम में निरीक्षक यातायात हल्द्वानी भूपेश पांडे, महिला उपनिरीक्षक आरती तथा सीपीयू टीम द्वारा विद्यालयों के बाहर छात्राओं को महिला सुरक्षा, आत्मविश्वास और पुलिस सहायता संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
छात्राओं को बताया गया कि यदि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, अभद्रता या संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें और डायल 112 पर संपर्क करें।
नैनीताल पुलिस हर समय तत्पर
पुलिस टीम ने छात्राओं को भरोसा दिलाया कि नैनीताल पुलिस उनकी सुरक्षा के लिए हर समय तैयार है और किसी भी समस्या में बिना झिझक पुलिस की सहायता ली जा सकती है।
मनचलों पर रहेगी सख्त नजर
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्कूल-कॉलेजों के आसपास माहौल खराब करने वाले मनचलों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
रिपोर्ट: ललित जोशी
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
