नैनीताल: कुमाऊं विश्वविद्यालय के डी.एस.बी. परिसर में लगाया गया निःशुल्क पुस्तक वितरण शिविर

नैनीताल।
सरोवर नगरी नैनीताल स्थित कुमाऊं विश्वविद्यालय के डी.एस.बी. परिसर के जी.बी. पंत पुस्तकालय में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय (UOU), हल्द्वानी द्वारा निःशुल्क पुस्तक वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के तहत विश्वविद्यालय के विभिन्न पाठ्यक्रमों से संबंधित पाठ्यपुस्तकों का छात्र-छात्राओं को निःशुल्क वितरण किया गया।

दूरस्थ शिक्षा के विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य दूरस्थ शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री सुलभ कराना था, ताकि वे अपनी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी कर सकें और स्व-अध्ययन को प्रभावी बना सकें।

शिक्षकों ने बताया पुस्तकों का महत्व

इस अवसर पर जी.बी. पंत पुस्तकालय विभाग के प्रभारी पुस्तकालयाध्यक्ष डॉ. युगल जोशी, अवैतनिक पुस्तकालयाध्यक्ष प्रो. नीलू लोधियाल तथा अन्य प्राध्यापकों ने विद्यार्थियों को पुस्तकों के महत्व और स्व-अध्ययन की उपयोगिता के बारे में जानकारी दी।

कार्यक्रम में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चंद लोहनी, सहायक क्षेत्रीय निदेशक रेखा बिष्ट, मधु डोगरा, अजय आर्या, पुस्तकालय विभाग की प्रशासनिक अधिकारी रीता लोहनी, मुन्नी जोशी, मीनू साह, विनोद वैद्य, हिमांशु, हितेश एवं नवीन पाठक सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

विद्यार्थियों में दिखा उत्साह

निःशुल्क पुस्तकें प्राप्त करने के बाद छात्र-छात्राओं के चेहरों पर खुशी देखने को मिली। वक्ताओं ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विशेष रूप से दूरस्थ एवं दुर्गम क्षेत्रों के विद्यार्थियों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

बड़ी संख्या में मौजूद रहे विद्यार्थी

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं तथा विश्वविद्यालय एवं परिसर के विभिन्न विभागों का स्टाफ मौजूद रहा।

रिपोर्ट: ललित जोशी


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें