रांची: कोडरमा से भाजपा विधायक डॉ. नीरा यादव ने झारखंड के पत्रकारों के लिए पत्रकार पेंशन योजना, स्वास्थ्य बीमा योजना और पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने की मांग उठाई है। उन्होंने विधानसभा में इस मुद्दे को उठाते हुए कहा कि राज्य के पत्रकारों को भी अन्य राज्यों की तरह सुविधाओं का लाभ मिलना चाहिए।
पत्रकारों के मुद्दे विधानसभा में उठाए
झारखंड जर्नलिस्ट एसोसिएशन (जेजेए) लंबे समय से राज्य में पत्रकार सुरक्षा कानून, पेंशन योजना और स्वास्थ्य बीमा योजना लागू करने की मांग कर रहा है। संगठन के संस्थापक शाहनवाज हसन के नेतृत्व में राज्य के सभी विधायकों को पत्र भेजकर इन मांगों का समर्थन करने का आग्रह किया गया था।
वरिष्ठ पत्रकार एवं राष्ट्रीय सोशल मीडिया प्रभारी संजीव समीर ने इस संबंध में डॉ. नीरा यादव से मुलाकात कर अन्य राज्यों में पत्रकारों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी दी, जिसके बाद उन्होंने विधानसभा में इस मुद्दे को मजबूती से उठाया।
पत्रकार संगठनों ने किया सम्मान
विधानसभा में पत्रकार हितों का मुद्दा उठाने पर भारती श्रमजीवी पत्रकार संघ (बीएसपीएस) और झारखंड जर्नलिस्ट एसोसिएशन (जेजेए) के प्रतिनिधिमंडल ने रांची स्थित उनके आवास पर पहुंचकर शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया और संगठन का प्रतीक चिन्ह भेंट किया।
इस दौरान शाहनवाज हसन, संजीव समीर, वरिष्ठ अधिवक्ता जगदीश सलूजा, कुमार रमेशम, अनिल सिंह, पंकज सिंह और आकाश कुमार सोनी सहित कई प्रतिनिधि मौजूद रहे।
कोरोना में मृत पत्रकारों के परिजनों को मुआवजा देने की मांग
डॉ. नीरा यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सरकार ने कोरोना काल में जान गंवाने वाले पत्रकारों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये की सहायता दी थी, लेकिन झारखंड में अब तक ऐसी कोई सहायता नहीं दी गई है।
उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मांग की कि कोरोना में दिवंगत पत्रकारों के परिजनों को भी जल्द आर्थिक सहायता प्रदान की जाए।
पत्रकारों की सुरक्षा के लिए कानून जरूरी
डॉ. नीरा यादव ने कहा कि झारखंड में पत्रकारों की सुरक्षा और कल्याण के लिए पत्रकार सुरक्षा कानून लागू किया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार पत्रकारों को पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध कराने में विफल रही है।
रिपोर्ट: पहाड़ी चीता ब्यूरो
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
