देहरादून: गैस एजेंसी पर गिरी गाज, होम डिलीवरी न करने पर सिलेंडर जब्त, मुकदमा दर्ज

देहरादून: देहरादून जिला प्रशासन ने एलपीजी गैस की कालाबाजारी रोकने और शत-प्रतिशत होम डिलीवरी सुनिश्चित करने के लिए सख्त कार्रवाई करते हुए शहीद हीरा गैस एजेंसी (शिमला बाईपास रोड) के सिलेंडर जब्त कर लिए और एजेंसी स्वामी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।

होम डिलीवरी के बजाय एजेंसी से ही बांटे जा रहे थे सिलेंडर

जिलाधिकारी सविन बंसल को शिकायत मिली थी कि गैस एजेंसी द्वारा प्रशासन के निर्देशों की अनदेखी करते हुए होम डिलीवरी के बजाय एजेंसी परिसर से ही सिलेंडर वितरित किए जा रहे थे। इसके कारण एजेंसी के बाहर भारी भीड़ जमा हो गई थी और कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका पैदा हो गई थी।

शिकायत मिलने पर जिलाधिकारी ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

क्यूआरटी टीम ने की कार्रवाई

जिलाधिकारी के निर्देश पर उप जिलाधिकारी विकासनगर विनोद कुमार क्यूआरटी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच में पाया गया कि हीरा गैस सर्विस, नया गांव पेलियो (देहरादून) द्वारा घरेलू गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी नहीं की जा रही थी, बल्कि गोदाम में ट्रक के माध्यम से सीधे उपभोक्ताओं को वितरण किया जा रहा था।

इसके बाद उप जिलाधिकारी, तहसीलदार विकासनगर और जिला पूर्ति विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए सिलेंडर जब्त कर लिए।

इन कानूनों के तहत दर्ज हुआ मामला

जिला प्रशासन ने संबंधित गैस एजेंसी के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955, आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत थाना पटेलनगर में मुकदमा दर्ज कराया है।

जब्त किए गए गैस सिलेंडरों को जिला पूर्ति अधिकारी और संबंधित तेल कंपनी की सुपुर्दगी में सौंप दिया गया है।

कंट्रोल रूम में 111 शिकायतें दर्ज

एलपीजी गैस आपूर्ति से जुड़ी शिकायतों के समाधान के लिए प्रशासन द्वारा जारी हेल्पलाइन 1077, 0135-2626066, 0135-2726066 और व्हाट्सएप नंबर 7534826066 पर शाम 5 बजे तक 111 शिकायतें दर्ज की गईं।

आज 18 हजार से अधिक उपभोक्ताओं को गैस आपूर्ति

प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में आज:

  • 18,120 घरेलू गैस सिलेंडर वितरित किए गए

  • 21 व्यवसायिक सिलेंडर की आपूर्ति की गई

हालांकि घरेलू गैस सिलेंडरों में अभी लगभग 75 हजार का बैकलॉग बना हुआ है।

जिलाधिकारी के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के.के. मिश्रा कंट्रोल रूम से गैस आपूर्ति और वितरण की लगातार निगरानी कर रहे हैं।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें