खटीमा: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की प्रतिष्ठित सिविल सेवा परीक्षा में चयनित शांभवी तिवारी (किच्छा), प्रिया चौहान (काशीपुर) और सौम्या गर्ब्याल (भीमताल) से खटीमा स्थित अपने निजी आवास नगला तराई में संवाद कर उन्हें बधाई दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन बेटियों ने न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है।
युवाओं के लिए प्रेरणा बनी सफलता
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि तीनों बेटियों की यह उपलब्धि प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि यह सफलता समर्पण, अनुशासन और कड़ी मेहनत का परिणाम है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सिविल सेवा में चयनित तीनों बेटियों को पुस्तक, उपहार और शॉल भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने उनके परिजनों से भी बातचीत कर बधाई दी।
पर्वतारोहण में सफलता पर लता बिष्ट का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जनपद की जिला पर्यटन विकास अधिकारी लता बिष्ट को भी सम्मानित किया। उन्होंने भारतीय पर्वतारोहण फाउंडेशन, नई दिल्ली द्वारा आयोजित माउंट चंद्रभागा-13 (6264 मीटर) और माउंट चंद्रभागा-14 (6074 मीटर) के पर्वतारोहण अभियान में टीम लीडर के रूप में सफल नेतृत्व करने पर उन्हें शॉल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
इस अवसर पर जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, एएसपी डॉ. उत्तम सिंह नेगी, उपजिलाधिकारी तुषार सैनी और प्रोबेशन अधिकारी व्योमा जैन सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट: पहाड़ी चीता ब्यूरो
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
