कर्णप्रयाग में तहसील दिवस का आयोजन, 62 शिकायतों में से 32 का मौके पर हुआ निस्तारण

कर्णप्रयाग के क्षेत्र पंचायत सभागार में मंगलवार को मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक त्रिपाठी की अध्यक्षता में तहसील दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान क्षेत्र की जनता ने अपनी समस्याएं—सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, भूधंसाव, जंगली जानवरों से खेती की सुरक्षा, स्वरोजगार और मुआवजा संबंधी मुद्दे—अधिकारियों के समक्ष रखीं।

इस दौरान कर्णप्रयाग की इंद्रादेवी ने व्यवसाय हेतु मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की माँग की। सूरज प्रकाश ने पीएम स्वनिधि योजना से रोजगार प्राप्ति की माँग रखी। आईआईटी वार्ड की प्रेमलता देवी ने बताया कि एनएच सड़क की दीवार क्षतिग्रस्त होने से उनके आवासीय घर को नुकसान हुआ है और दीवार के पुनर्निर्माण की माँग की।

मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक त्रिपाठी ने जानकारी देते हुए बताया कि तहसील दिवस पर 62 शिकायतें दर्ज कराई गईं, जिनमें से 32 शिकायतों का निस्तारण मौके पर किया गया। शिकायतों का निस्तारण करते हुए उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे जल्द से जल्द जनता की समस्याओं का समाधान समय से करें और शासन स्तर की समस्याओं को उच्च स्तर पर रखना सुनिश्चित कराएँ, ताकि शिकायतों का निस्तारण किया जा सके।

इस दौरान प्रमुख क्षेत्र पंचायत कर्णप्रयाग दीपिका मैखुरी, उपजिलाधिकारी अबरार अहमद एवं अन्य जिलास्तरीय अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें