उत्तरकाशी। मानव तस्करी की रोकथाम, गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश तथा महिला एवं बाल अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) की टीम ने उत्तरकाशी-टिहरी गढ़वाल जनपद सीमा स्थित नगुण बैरियर पर सघन चेकिंग अभियान चलाया।
पुलिस उपाधीक्षक जनक सिंह पंवार के निकट पर्यवेक्षण में संचालित अभियान के दौरान टीम ने गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश के लिए भौतिक सत्यापन किया। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गहनता से जांच कर मानव तस्करी की संभावनाओं को रोकने के लिए आवश्यक सतर्कता बरती गई।
संदिग्ध गतिविधियों को लेकर लोगों को किया जागरूक
एएचटीयू टीम ने चेकिंग के दौरान स्थानीय लोगों और राहगीरों को मानव तस्करी से जुड़े खतरों, बचाव के उपायों और संदिग्ध गतिविधियों की पहचान के बारे में जानकारी दी। विशेष रूप से महिलाओं एवं बच्चों को संदिग्ध व्यक्तियों से सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि या परिस्थिति की जानकारी तत्काल पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया गया।
महिला अपराध और नशे के खिलाफ भी जागरूकता
अभियान के दौरान लोगों को महिला अपराध, बाल भिक्षावृत्ति, मानव तस्करी और नशा उन्मूलन के प्रति जागरूक किया गया। टीम ने नागरिकों को आवश्यक सावधानियों के साथ महत्वपूर्ण पुलिस हेल्पलाइन की जानकारी भी दी।
पुलिस का कहना है कि मानव तस्करी सहित महिला एवं बाल अपराधों की रोकथाम के लिए निगरानी, चेकिंग और जनजागरूकता अभियान लगातार जारी रखे जाएंगे।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
