देहरादून, 24 अगस्त। त्योहारों के मौसम में खाद्य पदार्थों में मिलावट, जमाखोरी और अनियमितताओं पर अंकुश लगाने के लिए उत्तराखंड सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर प्रदेश के सभी जिलों में जांच अभियान तेज कर दिया गया है। जिलाधिकारियों को एक सप्ताह तक विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं, जबकि इसकी मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी मंडलायुक्तों को सौंपी गई है।
सरकारी निर्देशों के तहत सोमवार को सभी जिलों में जिला प्रशासन और खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन की संयुक्त टीमों ने व्यापारिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। कई दुकानदारों को नोटिस जारी किए गए, जबकि सड़ी-गली और एक्सपायरी डेट की खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट कराया गया।
अभियान के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के साथ-साथ चीनी की जमाखोरी और घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग की भी जांच की जा रही है।
चमोली में तीन सैंपल लिए, एक्सपायरी सामान नष्ट
चमोली जिले में जांच टीम ने तीन खाद्य नमूने लेकर परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजे। दो दुकानों पर एक्सपायरी डेट की खाद्य सामग्री मिलने पर संबंधित दुकानदारों को नोटिस जारी किए गए और सामग्री नष्ट कराई गई।
वहीं, दो कंपनियों की खाद्य सामग्री की लेबलिंग और पैकेजिंग निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने पर संबंधित निर्माताओं को नोटिस जारी करने की कार्रवाई की जा रही है।
अन्य जिलों में भी कार्रवाई तेज
रुद्रप्रयाग में 12 दुकानों का निरीक्षण कर छह सैंपल लिए गए। छह दुकानों पर एक्सपायरी डेट का सामान मिलने पर दुकानदारों को चेतावनी दी गई और सामग्री नष्ट कराई गई।
अल्मोड़ा में दो मिठाइयों के नमूने लिए गए, जबकि बागेश्वर में आठ प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर तीन सैंपल लिए गए। पिथौरागढ़ में दो नमूने लिए जाने की जानकारी दी गई है।
चंपावत में अभियान एक अगस्त से जारी है। अब तक 21 स्थानों का निरीक्षण किया गया, जिनमें 10 स्थानों से नमूने लेकर प्रयोगशाला भेजे गए हैं। सर्वे के लिए भी तीन नमूने लिए गए हैं।
देहरादून में 70 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण
देहरादून में सोमवार को चलाए गए अभियान के दौरान 11 खाद्य नमूने लिए गए और तीन प्रतिष्ठानों को व्यवस्थाओं में सुधार की चेतावनी दी गई।
जनपद में एक अगस्त से अब तक 70 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर 48 नमूने लिए जा चुके हैं। इसके अलावा सर्वे के लिए 20 नमूने लिए गए हैं। 11 दुकानदारों को सुधार के लिए नोटिस जारी किए गए हैं, जबकि एडीएम कोर्ट में चार वाद दर्ज कराए गए हैं।
हरिद्वार में 47 प्रतिष्ठानों की जांच
हरिद्वार में 17 अगस्त से जांच अभियान जारी है। अब तक 47 व्यापारिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर 27 सैंपल लिए गए हैं। 10 दुकानदारों को नोटिस जारी किए गए हैं और विभिन्न न्यायालयों में चार मामले दर्ज कराए गए हैं।
पौड़ी और नैनीताल में भी कार्रवाई
पौड़ी में सोमवार को 10 नमूने लिए गए, जिनमें से छह को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया। धारा 36 के तहत एक वाद भी स्वीकृत किया गया।
नैनीताल में 10 दुकानों का निरीक्षण कर छह सैंपल जांच के लिए भेजे गए, जबकि एक नमूना सर्वे के लिए लिया गया। एक प्रतिष्ठान में साफ-सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने पर नोटिस जारी किया गया। वहीं मानकों के अनुरूप न मिलने पर 10 किलो मिठाई नष्ट कराई गई।
टिहरी और उत्तरकाशी में भी जांच
टिहरी में सात व्यापारिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर छह नमूने लिए गए। वहीं उत्तरकाशी में सोमवार को 15 स्थानों पर जांच की गई और चार नमूने लिए गए। बिना लाइसेंस खाद्य सामग्री बेचने के एक मामले में नोटिस जारी किया गया।
सरकार ने त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और बाजार व्यवस्था पर निगरानी बढ़ाते हुए संबंधित विभागों को अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए हैं।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
