नैनीताल के रोपा गांव में कोसी नदी में बहा किशोर, एसडीआरएफ की टीम तलाश में जुटी

नैनीताल। बेतालघाट तहसील के रोपा गांव में कोसी नदी के किनारे फोटो खींचने के दौरान पैर फिसलने से 16 वर्षीय किशोर नदी के तेज बहाव में बह गया। घटना 7 अक्टूबर 2026 को अपराह्न करीब एक बजे की बताई गई है। किशोर की तलाश के लिए एसडीआरएफ की टीम लगातार खोज एवं बचाव अभियान चला रही है।

दोस्तों के साथ नदी किनारे गया था किशोर

उपजिलाधिकारी, श्री कैंची धाम अनुराग आर्य के अनुसार, दीपक कुमार पुत्र भुवन चन्द्र, उम्र लगभग 16 वर्ष, निवासी ग्राम बिनकोट, तहसील बेतालघाट, अपने तीन दोस्तों के साथ रोपा गांव में कोसी नदी के किनारे फोटो खींचने गया था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह नदी के तेज बहाव में बह गया। उसके दोस्तों ने तत्काल घटना की सूचना दी।

एसडीआरएफ की टीम चला रही सर्च अभियान

सूचना मिलने के बाद एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और किशोर की तलाश शुरू की। तहसीलदार श्री कैंची धाम भुवन चन्द्र भण्डारी अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर मौजूद हैं और खोज एवं बचाव कार्य की लगातार निगरानी कर रहे हैं। प्रशासन के अनुसार, सर्च अभियान जारी है और पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

प्रशासन ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील

प्रशासन ने कहा है कि मानसून के बाद भी नदियों का जलस्तर और बहाव तेज हो सकता है। ऐसे में आम लोगों, विशेषकर युवाओं और पर्यटकों से नदी किनारे, चट्टानों तथा फिसलन वाले स्थानों पर फोटो या सेल्फी लेने से बचने की अपील की गई है।

अभिभावकों से भी आग्रह किया गया है कि वे अपने बच्चों को नदी-नालों के किनारे अकेले न जाने दें। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल आपदा कंट्रोल रूम या डायल 112 पर सूचना दें।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें