खंसर घाटी में खंसर प्रीमियर लीग (KPL)-2026 क्रिकेट टूर्नामेंट का रंगारंग शुभारंभ, विधायक अनिल नौटियाल ने किया उद्घाटन

गैरसैंण (चमोली)। खंसर घाटी के लाटूगैर स्थित ग्रीन पार्क स्टेडियम में युवक मंगल दल तेवाखर्क की ओर से आयोजित खंसर प्रीमियर लीग (KPL)-2026 क्रिकेट टूर्नामेंट का रंगारंग शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता, ग्रामीण और खेलप्रेमी मौजूद रहे।

खेलों से विकसित होती है अनुशासन और टीम भावना

शुभारंभ अवसर पर विधायक अनिल नौटियाल ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इनके जरिए युवाओं में अनुशासन, धैर्य, आपसी भाईचारे और सामूहिक रूप से कार्य करने की भावना विकसित होती है। खेल के मैदान में जीत-हार से अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना, आपसी सम्मान और सकारात्मक सोच होती है।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करती हैं। ऐसे आयोजनों से स्थानीय स्तर पर छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने लाने में मदद मिलती है।

आयोजक मंडल को दी शुभकामनाएं

विधायक ने आयोजन के लिए युवक मंगल दल तेवाखर्क और आयोजक मंडल की सराहना की। उन्होंने प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर रहे सभी खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि खंसर प्रीमियर लीग क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की रही मौजूदगी

कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष कुलदीप रावत, जिला पंचायत सदस्य अनीता रावत, पूर्व जिला पंचायत सदस्य बलवीर रावत, वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता प्रेम संगेला, संजय रावत, मनोज नेगी, मंगल नारायण पंवार, मनोज पुजारी, ग्राम प्रधान हुकम सिंह और महिला मंगल दल अध्यक्ष राधा बिष्ट सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

खेल संस्कृति को बढ़ावा देना है प्रतियोगिता का उद्देश्य

आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य क्षेत्रीय युवाओं को खेलों से जोड़ना, उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करना और खंसर घाटी में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना है। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों और क्षेत्र के युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें