गोचर (चमोली)। प्रदेश में भ्रष्टाचार, कथित दुर्व्यवस्था और जनसमस्याओं को लेकर निकाली जा रही कांग्रेस की उत्तराखंड न्याय यात्रा गोचर पहुंची। यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर में रैली निकालकर भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। ‘भाजपा सरकार शर्म करो’ के नारों के बीच कार्यकर्ता रामलीला मैदान पहुंचे, जहां आयोजित जनसभा में प्रदेश सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए गए। कांग्रेस ने यात्रा के माध्यम से जनता के अधिकारों, न्याय और उत्तराखंड की अस्मिता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
गणेश गोदियाल के नेतृत्व में निकाली जा रही यात्रा
बदरीनाथ धाम में पूजा-अर्चना के बाद शुरू हुई न्याय यात्रा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में निकाली जा रही है। गोचर पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने यात्रा में भागीदारी की और नगर में जुलूस निकालकर भाजपा सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।
रामलीला मैदान में आयोजित जनसभा में कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश की जनसमस्याओं को उठाते हुए सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों पर जनता की आवाज बुलंद करने के लिए पार्टी का संघर्ष जारी रहेगा।
सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने लिया हिस्सा
न्याय यात्रा में पूर्व पालिका अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक प्रत्याशी मुकेश नेगी, मंडल अध्यक्ष जगदीश कनवासी, सभासद गौरव कपूर, पूर्व सभासद लीला देवी और महिला नगर अध्यक्ष रजनी लिंगवाल शामिल रहे।
इनके अलावा अनिता चौहान, मंजू खत्री, संगीता बिष्ट, हरीश कुमार, हरीश नयाल, जीत सिंह बिष्ट, गजपाल सिंह नेगी, महावीर नेगी, प्रताप सिंह खत्री, एमएल टम्टा, एमएल राज, विनोद कुमार, कांता देवी और सुभाष रावत समेत सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने यात्रा में भाग लिया।
जनहित और सामाजिक न्याय के मुद्दों पर आंदोलन जारी रखने का ऐलान
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि न्याय यात्रा का उद्देश्य प्रदेश की समस्याओं को जनता के बीच ले जाना और सरकार की नीतियों के खिलाफ आवाज उठाना है। पार्टी ने जनहित, सामाजिक न्याय और प्रदेश के अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर अपना आंदोलन आगे बढ़ाने की बात कही।
रिपोर्ट: प्रदीप चौहान
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
