हल्द्वानी। जनपद के विभिन्न ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में बिना वैध चिकित्सकीय अर्हता और पंजीकरण के संचालित किए जा रहे क्लीनिकों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने नीम-हकीम, अप्रशिक्षित नाड़ी/नस देखने वालों और अनधिकृत रूप से इलाज करने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के लिए दो अलग-अलग समितियों का गठन किया है।
जिलाधिकारी ने कहा कि अप्रशिक्षित व्यक्तियों द्वारा चिकित्सा कार्य किया जाना जन-स्वास्थ्य के लिए गंभीर जोखिम है। इसे देखते हुए ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में अवैध रूप से संचालित दवाखानों, झोलाछाप क्लीनिकों और अन्य अनधिकृत चिकित्सा प्रतिष्ठानों के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाया जाएगा।
नगरीय क्षेत्र के लिए गठित समिति
नगर क्षेत्र में कार्रवाई के लिए गठित समिति में नगर आयुक्त, नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम, संबंधित उप जिलाधिकारी, संबंधित अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद/नगर पंचायत तथा मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा नामित चिकित्सक को शामिल किया गया है।
ग्रामीण क्षेत्रों में अलग समिति करेगी जांच
ग्रामीण क्षेत्रों के लिए गठित समिति में संबंधित उप जिलाधिकारी, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत नैनीताल, मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा नामित चिकित्सक, संबंधित खंड विकास अधिकारी तथा जिला पंचायत राज अधिकारी द्वारा नामित ग्राम विकास अधिकारी/ग्राम पंचायत अधिकारी को शामिल किया गया है।
पुलिस के साथ समन्वय कर होगी सघन चेकिंग
दोनों समितियां अपने-अपने क्षेत्र में स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर सघन चेकिंग अभियान चलाएंगी। इस दौरान क्लीनिक संचालकों की शैक्षणिक योग्यता, मेडिकल काउंसिल का वैध पंजीकरण और औषधि लाइसेंस का गहनता से सत्यापन किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने सख्त निर्देश दिए हैं कि बिना वैध प्रमाणपत्र के संचालित पाए जाने वाले क्लीनिकों और प्रतिष्ठानों को तत्काल सील किया जाए। साथ ही दोषियों के खिलाफ नियमानुसार एफआईआर दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा क्षेत्र में नीम-हकीमों और अवैध चिकित्सकों के प्रचार-प्रसार के लिए लगाए गए होर्डिंग्स, पोस्टर एवं अन्य प्रचार सामग्री को भी तत्काल हटवाने के निर्देश दिए गए हैं।
दैनिक कार्रवाई की रिपोर्ट देने के निर्देश
जिलाधिकारी ने समिति के दायित्वधारियों को निर्देशित किया है कि अपने-अपने क्षेत्राधिकार में प्राथमिकता के आधार पर सघन अभियान चलाना सुनिश्चित करें। अभियान के तहत की गई कार्रवाई की दैनिक आख्या संबंधित उप जिलाधिकारी के माध्यम से जिलाधिकारी कार्यालय को प्रस्तुत की जाएगी।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
