दीपावली पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर चमोली पुलिस सतर्क, व्यापार मंडल के साथ हुई गोष्ठी

 

कर्णप्रयाग, 6 नवंबर 2026। दीपावली पर्व के दौरान बाजारों में बढ़ती चहल-पहल और त्योहार के उत्साह के बीच सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए चमोली पुलिस सतर्क है। इसी क्रम में पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेन्द्र सिंह राणा ने कोतवाली कर्णप्रयाग क्षेत्र के व्यापार मंडल के सदस्यों के साथ गोष्ठी आयोजित की। बैठक में त्योहार के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

अतिक्रमण और पटाखों की दुकानों को लेकर निर्देश

गोष्ठी में पुलिस उपाधीक्षक ने व्यापारियों को बाजार में अतिक्रमण न करने और प्रशासन द्वारा निर्धारित स्थानों पर ही पटाखों की दुकानें लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने अग्नि सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने तथा पटाखा विक्रेताओं को अपनी दुकानों पर अग्निशमन उपकरण अनिवार्य रूप से रखने की हिदायत दी।

उन्होंने बताया कि किसी भी अग्नि दुर्घटना की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए पुलिस की ओर से मुख्य बाजारों में फायर टेंडर तैनात किए गए हैं।

नशे में वाहन चलाने वालों पर होगी कार्रवाई

पुलिस उपाधीक्षक ने व्यापारियों से त्योहार के दौरान पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने और बाजार में यातायात एवं आवागमन व्यवस्था बनाए रखने में जिम्मेदारी निभाने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि दीपावली के दौरान नशे में वाहन चलाने, नाबालिगों द्वारा वाहन संचालित करने और ओवरस्पीडिंग करने वालों के विरुद्ध विशेष चेकिंग अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

चमोली पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि दीपावली की खुशियों में लापरवाही को जगह न दें। नशे में वाहन न चलाएं, यातायात नियमों का पालन करें और अग्नि सुरक्षा के सभी आवश्यक उपाय अपनाएं, ताकि सभी लोग सुरक्षित माहौल में त्योहार मना सकें।

इस दौरान प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कर्णप्रयाग विनोद थपलियाल मौजूद रहे।

 रिपोर्ट: प्रदीप चौहान

? व्हाट्सऐप पर शेयर करें